चोरी की बाइक सोतीगंज में बेचने जा रहा किशोर पकड़ा
बाइक चोरी कर सोतीगंज में बेचने जा रहे किशोर को पुलिस ने पकड़ लिया। एक दिन पहले उसने गंगानगर से बाइक चोरी की थी।
मेरठ, जेएनएन। बाइक चोरी कर सोतीगंज में बेचने जा रहे किशोर को पुलिस ने पकड़ लिया। एक दिन पहले उसने गंगानगर से बाइक चोरी की थी। पुलिस उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
मवाना थाना क्षेत्र निवासी किशोर ने बताया कि एक माह पहले वह सोतीगंज में किसी काम से आया था। इस दौरान उसने कबाड़ियों से बाइक बेचने के बारे में जानकारी की थी। उन्होंने बताया था कि कम से कम तीन हजार रुपये मिलेंगे। गुरुवार को वह गंगानगर थाना क्षेत्र में था, तभी उसने एक बाइक को चोरी कर लिया। उसे घर ले गया। शुक्रवार को वह बाइक को सोतीगंज में बेचने के लिए जा रहा था। बच्चा पार्क पर पुलिस ने उसे चेकिग के दौरान पकड़ लिया। उस पर कोई कागजात नहीं थे। पूछताछ में उसने बताया कि गंगानगर से एक दिन पहले ही चोरी की है। पुलिसकर्मी उसे थाने ले गए। सिविल लाइन थाना प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
वनकर्मियों पर हमले का मुख्य आरोपित गिरफ्तार : परीक्षितगढ़ के खादर क्षेत्र में बुधवार रात वनकर्मियों से मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर, शेष आरोपित अभी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं।
बुधवार रात वन विभाग की टीम पर उस वक्त हमला किया गया था, जब वे अवैध खनन कर रेत ले जा रहे लोगों को रोकने करा प्रयास कर रहे थे। हमले में टीम के चार लोग घायल हो गए थे। घायल वन दारोगा आकाश कुमार ने सात लोगों को नामजद करते हुए बारह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस ने हमले के मुख्य आरोपी प्रमोद पुत्र सुरेंद्र निवासी शिवपुरी को तमंचे व एक कारतूस के साथ गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं। शीघ्र ही बाकी आरोपित भी पुलिस की पकड़ में होंगे।