Tablighi Jamaat: इंडोनेशिया के इतने जमाती जाएंगे स्वदेश, विदेश मंत्रालय ने दी हरी झंडी
विदेश मंत्रालय ने इंडोनेशिया के 17 जमातियों के स्वदेश जाने के लिए हरी झंडी दे दी है। बता दें कि जेल से रिहाई के बाद स्थानीय नागरिक की सुपुर्दगी में थे।
सहारनपुर, जेएनएन। जेल से रिहा होने के बावजूद सहारनपुर में रोके गए 17 इंडोनेशियाई नागरिकों की स्वदेश वापसी को विदेश मंत्रालय ने हरी झंडी दे दी है। जिला प्रशासन इन्हें शुक्रवार रात में ही दिल्ली छुड़वा दिया। शनिवार को (आज) इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से उनकी फ्लाइट है।
रिहाई के बाद रिसोर्ट में ठहरे थे जमाती
विदेशी जमातियों को एक-एक माह की सजा के बाद 13 जून को जेल से रिहा किया गया था। प्रशासन ने एक स्थानीय व्यक्ति की सुपुदर्गी में इन्हें एक रिसोर्ट में ठहराया था। रिहाई के बावजूद विदेशियों को स्वदेश न भेजने पर मलेशिया, इंडोनेशिया व किर्गिस्तान आदि के दूतावासों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर उन्हें स्वदेश छुड़वाने का अनुरोध किया था। मगर विदेश मंत्रालय के अड़ंगे के कारण स्वदेश वापसी नहीं हो पाई थी।
दूतवास को पत्र लिखकर दी जानकारी
शुक्रवार को विदेश मंत्रालय ने इंडोनेशिया दूतावास को पत्र जारी कर उनके सभी 17 नागरिकों को छोड़े जाने की बात कही। विदेशी नागरिकों के अधिवक्ता जांनिसार अहमद ने विदेश मंत्रालय से आए पत्र की जानकारी देते हुए बताया कि इंडोनेशिया के नागरिकों की स्वदेश वापसी का रास्ता खुल गया है। शनिवार को इन्हें दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से जीए 8250 विशेष गरुड़ उड़ान से उनके देश भेजा जाएगा। एसएसपी डा. एस चनप्पा ने विदेशी नागरिकों को दिल्ली तक छुड़वाने की पुष्टि की।
57 विदेशी जमातियों के खिलाफ दर्ज हुआ था केस
बता दें कि कोरोना संक्रमण फैलाने के आरोप में जिला पुलिस ने 57 विदेशी जमातियों के खिलाफ थाना देवबंद, थाना मंडी, थाना कुतुबशेर तथा कोतवाली देहात में छह एफआइआर दर्ज की थीं। 13 जून को 54 दिन के बाद सभी को अदालत के आदेश पर रिहा किया गया था। 57 विदेशियों में किर्गिस्तान के 21, इंडोनेशिया के 17, सुडान के चार, मलेशिया के तीन, थाइलैंड के चार, माली, सीरिया, सऊदी अरब, मोरक्को, इजराइल, ट्यूनेशिया का एक-एक नागरिक है।