मेरठ में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस ने पांच हिरासत में लिए
मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
मेरठ, जेएनएन। जानी थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
यह है मामला
जानी थाना क्षेत्र के रसूलपुर डोलरी निवासी रसा जेहरा की शादी 10 साल पहले नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदी सोसाइटी निवासी फिरोज हैदर से हुई थी। आरोप है कि कुछ दिनों बाद से ही दहेज की मांग की जाने लगी थी। कई बार मायके वालों ने मांग भी पूरी की लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से रुपए मांगे जाने लगे थे। मायके वालों ने आरोप लगाया है कि अब हौंडा सिटी गाड़ी की मांग की जा रही थी। इसके चलते ही विवाहिता को परेशान किया जा रहा था। मंगलवार देर रात उनको ससुराल वालों ने मौत की सूचना दी। मायके वाले ससुराल पहुंचे तो विवाहिता के पास रस्सी पड़ी हुई थी और गले पर भी निशान था। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए 3 महिलाओं समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।