सहारनपुर में सूर्य प्रताप शाही बोले, यूपीए शासन में 2.66 लाख किसानों ने की आत्महत्या
प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग और जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कांग्रेस व समाजवादी पार्टी ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस जिन कृषि विधेयकों का विरोध कर रही है वह कांग्रेस के एजेंडे में भी रहे हैं।
सहारनपुर, जेएनएन। प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग और जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कांग्रेस व समाजवादी पार्टी ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस जिन कृषि विधेयकों का विरोध कर रही है, वह कांग्रेस के एजेंडे में भी रहे हैं। कांग्रेस ने कभी सभी खाद्यानों की एमएसपी नहीं की। यही कारण है कि यूपीए के शासनकाल में 2.66 लाख किसानों ने आत्महत्या की। कांग्रेस व अन्य विपक्ष संसद में इस पर बात करने के बजाय सड़क पर आकर हिंसा फैलाते हैं।
सूर्यप्रताप शाही शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। कृषि विधेयकों के विरोध पर किए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि यह विधेयक कांग्रेस के एजेंडे में भी था, मगर अब जब मोदी सरकार किसानों की आय दुगनी करने के मजबूत इरादों के साथ इन्हें लेकर आई तो कांग्रेस व विपक्ष संसद में इस पर चर्चा नहीं करते। हाथरस कांड में जयंत पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को हुई महापंचायत पर उन्होंने कहा कि भाजपा व मोदी सरकार जातीय आधार पर विश्लेषण नहीं करते।
सभी को पता है कि वहां पर धारा-144 लगी है तो सभी को संसद में बने कानून का पालन करना चाहिए। जयंत चौधरी द्वारा इसे जाट बिरादरी से जोड़कर देखना उनकी छोटी सोच को दर्शाता है। सरकार द्वारा इस मामले में पीएफआइ व एक माफिया द्वारा फंडिंग किये जाने के सवाल पर शाही ने कहा कि इसकी जांच चल रही है। सच्चाई जल्दी सामने आ जाएगी। कहा कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले सभी चीनी मिलों से बकाया का भुगतान कराया जाएगा।
इस बार सरकार ने तिलहन की खेती बढ़ाने के लिए इसका लक्ष्य बढ़ाकर 10 लाख हेक्टेयर किया है। मोदी सरकार ने इस बार दलहन समेत आठ वस्तुओं को एमएसपी 200-300 रुपये बढ़ाकर घोषित किया है। रोजगार के लिए 601 परियोजनाओं के माध्यम से रोजगार दिया जाएगा। इस मौके पर सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक देवेंद्र निम, कुंवर बृजेश सिंह, मेयर संजीव वालिया, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र पाल सैनी, डीएम अखिलेश सिंह आदि रहे।