रामभक्तों को आमजन के साथ संतों ने सौंपी समर्पण निधि
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान में मंगलवार को आम लोगों के साथ ही अलग-अलग जगहों पर संत समाज ने निधि समर्पित की।
मेरठ, जेएनएन। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान में मंगलवार को आम लोगों के साथ ही अलग-अलग जगहों पर संत समाज ने निधि समर्पित की। महानगर में निधि संग्रह के दौरान लोगों ने टोलियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। संघ की दृष्टि से काली पल्टन प्रखंड में आने वाले बालाजी धाम के महामंडलेश्वर महंत महेंद्र दास महाराज ने एक लाख एक हजार एक सौ ग्यारह रुपये का चेक दिया।
अगस्त माह में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर हुए भूमि पूजन कार्यक्रम में इसी बालाजी धाम मंदिर की पावन रज अयोध्या भेजी गई थी। इसके अलावा मंगलवार के अभियान में प्रीत विहार में महिलाओं ने राम भक्तों की आरती उतारकर स्वागत किया। कार्यकर्ताओं की टोली ने शास्त्री नगर में घर-घर जाकर सहयोग मांगा। गगोल गांव की टोली ने विश्वामित्र तपोभूमि तीर्थ स्थल के प्रमुख स्वामी शिवदास महाराज से सहयोग मांगा। अयोध्या में भव्य मंदिर बने इसके लिए स्वामी शिवदास महाराज ने टोली को समर्पण निधि के रूप में सहयोग दिया। वहीं, सुपरटेक पामग्रीन, ब्रह्मपुरी समेत अन्य जगहों पर जाकर कार्यकर्ताओं ने गली-गली जाकर परिवारों से सहयोग मांगा। इस दौरान टोलियों में संघ के विभाग प्रचारक विनोद, विभाग प्रचार प्रमुख डा. नीरज, महानगर कार्यवाह अवनीश पाठक, विहिप महानगर संगठन मंत्री गौरव प्रताप, बजरंग दल के अखाड़ा प्रमुख अर्जुन सैनी, विहिप महानगर मंत्री निमेश वशिष्ठ, भाजपा के गोपाल शर्मा, मधुबन आर्य समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निधि संकलन को घर-घर जा रही टोलियां: अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण को निधि संकलन करने के लिए टोलियों ने नगर में घूमना प्रारंभ कर दिया है। मंगलवार को निधि संकलन टोली नगर के प्रतिष्ठानों, घरों व सरकारी कार्यालय में पहुंचे और निधि संकलित की।
हस्तिनापुर नगर में भी निधि संकलन टोली द्वारा निधि संकलन किया गया। खंड कार्यवाह रविद्र कुमार ने कहा कि भगवान श्रीराम व मंदिर में आस्था रखते हुए अमूल्य योगदान देना चाहिए। टोली नगर के प्रतिष्ठानों, घरों व सरकारी कार्यालयों में पहुंची। टोली में विद्यासागर जैन, अनुज शर्मा, गौरव गुर्जर, जगवीर चौधरी आदि रहे।
वहीं सरधना में मंगलवार को आरएसएस के पदाधिकारी अजय गुप्ता के नेतृत्व में श्रीराम मंदिर निधि समर्पण अभियान के तहत नगर के मोहल्ला शिव बस्ती में घर-घर जाकर समर्पण निधि एकत्रित की और इस दौरान लोगों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान नीरज जैन, अजय गुप्ता, दीपक अरोरा ,योगेश वर्मा, संकेत सिंह व शंकर सिंह आदि शामिल रहे।
श्रीराम मंदिर के लिए दी 51 हजार रुपये की निधि: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अन्तर्गत जानी ब्लाक प्रमुख अनिल मुजक्कीपुर ने मंदिर निर्माण के लिए स्वयंसेवक सुधांशु, राम दत्त, संजय को 51 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक दिया। सौरभ चौधरी आदि मौजूद रहे।