Weather In Meerut: बारिश ने इस बार तरसाया, भादो में पारा 37 डिग्री, उमस से नहीं मिल पा रही राहत
Weather In Meerut भादो में मानसून रूठा हुआ नजर आ रहा है। सावन के अंतिम दिन देर रात को हुई हल्की बारिश को छोड़ दें तो बारिश का इंतजार लंबा होता जा रहा है।
मेरठ, जेएनएन। Weather In Meerut भादो में मानसून रूठा हुआ नजर आ रहा है। सावन के अंतिम दिन देर रात को हुई हल्की बारिश को छोड़ दें तो बारिश का इंतजार लंबा होता जा रहा है। इस बीच धूप आग बनकर बरस रही है। उमस के चलते गर्मी में बाहर ही नहीं घरों में रहना असहनीय हो रहा है। शनिवार को शाम के समय शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। वहीं, अधिकतम तापमान 37 डिग्री पहुंच गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। रविवार को भी मौसम में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।
अभी तक केवल छह मिलीमीटर बारिश
भादो में 37 डिग्री तापमान यदाकदा ही पहुंचता है। वर्ष 2019 में अगस्त में केवल एक दिन तापमान 37 डिग्री के पार पहुंचा था। गत वर्ष अगस्त में आठ तारीख तक 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो चुकी थी। इस बार अभी तक केवल छह मिलीमीटर बारिश हुई है। शनिवार को देश में सबसे ज्यादा तापमान मदुरई में 38.6 था। मेरठ का तापमान छठे पायदान पर मौजूद ग्वालियर के समकक्ष रहा। दोपहर में आद्र्रता का प्रतिशत न्यूनतम होता है। यह शनिवार को 61 प्रतिशत रहा।