संचारी रोग नियंत्रण के लिए वर्चुअल क्लास से छात्रों व अभिभावकों को करेंगे जागरूक Meerut News
संचारी रोग नियंत्रण के लिए द्वितीय जन जागरूकता अभियान गत 1 जुलाई से चल रहा है। साथ ही यह अभियान आगामी 31 जुलाई तक चलेगा।
मेरठ, जेएनएन। संचारी रोग नियंत्रण के लिए अब छात्रों और उनके अभिभावकों को ऑनलाइन व्हाट्सएप व वर्चुअल क्लासेज के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। इसके लिए निर्देश जारी किए हैं।
31 जुलाई तक चलेगा अभियान
संचारी रोग नियंत्रण के लिए द्वितीय जन जागरूकता अभियान गत 1 जुलाई से चल रहा है। साथ ही यह अभियान आगामी 31 जुलाई तक चलेगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान 2020 के सफल संचालन के लिए विशेष सचिव उत्तर प्रदेश शासन कुमार राघवेंद्र सिंह ने यह निर्देश जारी किए हैं।
विशेष सचिव ने जारी निर्देशों में कहा है कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 2020 के सफल संचालन के लिए विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए हैं, जिसमें प्रमुख रुप से संचारी रोगों के विषय में रोग से बचाव के उपाय व सावधानियों की जानकारी देने एवं साफ सफाई से रहने के लिए छात्रों तथा उनके अभिभावकों को जागरूक करने के लिए कहा गया है।
प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी
छात्रों व अभिभावकों को ऑनलाइन व्हाट्सएप व वर्चुअल क्लासेस के माध्यम से शपथ पत्र, प्रतिज्ञा, चित्रकला, पोस्टर एवं स्लोगन इत्यादि की प्रतियोगिताएं कराई जाएं। साथ ही गांव-गांव जाकर लोगों को व्यक्तिगत रुप से संपर्क करके भी जागरूक किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की कार्यवाही व प्रगति की सूचना प्रतिदिन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारियों को देने के साथ-साथ शासन को भी अवगत कराएं।
जारी निर्देशों की एक प्रति डीएम के साथ मेरठ समेत सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारी नोडल अधिकारी चिकित्सा विभाग एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक व सभी जिला विद्यालय निरीक्षक को भी भेजी गई है।