Sports University In Meerut: मेरठ में खेल विश्वविद्यालय की मुहिम को मिला बल, खिलाड़ी, खेल उद्योग व जनप्रतिनिधि साथ आए
खेल विश्वविद्यालय को मेरठ में बनवाने के लिए डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने खेल संगठनों और खेल उद्योग से जुड़ी कंपनियों के पदाधिकारियों से वेबिनार पर चर्चा की।
मेरठ, जेएनएन। खेल विश्वविद्यालय को मेरठ में बनवाने के लिए जन-जन की आवाज शासन तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस कड़ी में शुक्रवार को पूर्व विधायक व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने खेल संगठनों और खेल उद्योग से जुड़ी कंपनियों के पदाधिकारियों से वेबिनार पर चर्चा की। डा. वाजपेयी ने मेरठ में खेल विवि के लिए पर्याप्त जमीन की विस्तृत जानकारी सभी को दी और मेरठ में खेल विवि को बनवाने के अभियान से जुडऩे का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि हस्तिनापुर में खेल विभाग के नाम दर्ज 100 एकड़ जमीन के अलावा गगोल गांव और कताई मिल की जमीन खेल विवि के लिए उपयुक्त है।
स्पोट््र्स सिटी ही खेल विवि के लिए उपयुक्त
खेल उद्यमियों संग हुई चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि खेल समान बनाने का मेरठ एक प्रमुख केंद्र है जिस कारण मुख्यमंत्री ने इसे ओडीओपी स्कीम में चुना है। मेरठ एवं आसपास के लगभग 25 किलोमीटर अर्धव्यास के क्षेत्र के दो लाख से अधिक परिवार इस कुटीर उद्योग के माध्यम से अपनी जीविका का पालन पोषण कर रहे हैं । जब खेल विवि की घोषणा मेरठ के लिए हुई तो यहां कार्यरत उद्यमियों एवं श्रमिकों को नयी रोशनी दिखाई दी, लेकिन इसे अन्यत्र ले जाने का सीधा असर खेल उद्योग पर प्रहार की तरह होगा। सुमनेश अग्रवाल के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में डा. वाजपेयी ने त्रिलोक आनंद, पुनीत मोहन शर्मा, दर्शन लाल मक्कड़ आदि के समक्ष खेल विवि के लिए एपयुक्त जमीन के विवरण प्रदान किए गए।
जिला एथलेटिक्स संघ ने भी चलाया मुहिम
जिला एथलेटिक संघ ने भी शुक्रवार को अन्य खेल संघों के सचिवों के साथ में मिलकर खेल विवि पर एक वेबिनार का आयोजन किया। अध्यक्षता उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ के चेयरमैन एवं जिला एथलेटिक संघ के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला ने की। इस बैठक में एथलेटिक्स संघ ने सभी को अपने प्रयासों और अभियान की जानकारी दी। वहीं डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने खेल विवि को लेकर विस्तृत विवरण खेल संगठनों के पदाधिकारियों को दी। जिला एथलेटिक संघ के सचिव अनु कुमार ने सभी सदस्यों से अपील की है कि डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक एसोसिएशन के ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान में तेजी लाए और सभी खेल संघ उस में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। इस बैठक में जिला बॉङ्क्षक्सग संघ के सचिव पवन भार्गव, वेटलिङ्क्षफ्टग के सचिव सत्य प्रकाश राघव, ताइक्वांडो संघ के सचिव पुरंदर झा, हॉकी संघ के प्रदीप ङ्क्षचयोति एवं फुटबॉल संघ से वीरेंद्र ने हिस्सा लिया।
जोड़ रहे खिलाड़ी, चलाएंगे मिस कॉल अभियान
डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि इस अभियान में जिले के सभी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़यिों को भी जोड़ रहे हैं और सभी को खेल विवि के लिए उपलब्ध जमीनों के विवरण भी प्रदान किए जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने मिस कॉल अभियान चलाने का निर्णय लिया है जिससे शहर के हर तबके का सहयोग इस अभियान में मिल सके। जल्द ही मिस कॉल के लिए नंबर जारी किया जाएगा।