घने कोहरे से थमी वाहनों की रफ्तार, बूंदाबांदी से ठिठुरा जनमानस
मौसम में मंगलवार को अचानक बदलाव देखने को मिला। रात में अब तक सबसे घना कोहरा देखा गया। दिल्ली रोड पर रात 12 बजे दो मीटर तक दृश्यता सिमट गई। वाहन सड़कों पर रेंग रेंग कर गुजरे।
मेरठ, जेएनएन। मौसम में मंगलवार को अचानक बदलाव देखने को मिला। रात में अब तक सबसे घना कोहरा देखा गया। दिल्ली रोड पर रात 12 बजे दो मीटर तक दृश्यता सिमट गई। वाहन सड़कों पर रेंग रेंग कर गुजरे। सुबह के समय भी कोहरा रहा और दिन में बूंदा बांदी होती रही। आसमान में बादल छाए रहे और सूरज के दर्शन नहीं हुए। अधिकतम तापमान सात डिग्री नीचे गिर गया। बुधवार को भी बूंदाबांदी के आसार हैं। शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। पहाड़ों पर पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से बर्फबारी और बारिश हो रही है। मैदानी भागों में भी इसका असर नजर आया। सुबह के समय कोहरा रहा। शहर के बाहरी इलाकों में रात में दृश्यता पांच मीटर तक रही। दिन में भी बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी होती रही। अधिकतम तापमान 14.3 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। देर शाम से हवाओं की रफ्तार थम जाने और आदृता का प्रतिशत अधिक होने से आसमान से कोहरा बरसने लगा। सड़कों पर सन्नाटा छा गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि शीतलहर जारी रहेगी। आगमी दिनों में कोई मौसमीय सिस्टम सक्रिय होने के आसार नहीं हैं। 26 जनवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है। कोहरे से संगम सात घंटा लेट ठंड और कोहरे के प्रभाव से मंगलवार को कई ट्रेनें विलंब से पहुंची। संगम एक्सप्रेस सात घंटा लेट रही और डेढ़ बजे सिटी स्टेशन पहुंची। इसी तरह राज्यरानी लखनऊ से सवा चार घंटा विलंब शाम 6.40 बजे मेरठ के लिए रवाना हुई। लोक मान्य तिलक टर्मिनल से हरिद्वार जाने वाले एसी एक्सप्रेस चार घंटा विलंब रही।