मेरठ में दस वर्षों से गांजे की तस्करी करने का आरोपित गिरफ्तार, पुलिस को काफी समय से थी तलाश
मेरठ दस वर्षों से गांजे की तस्करी करने वाला आरोपित आखिरकार मंगलवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने तस्कर की निशानदेही पर मद्रासी कालोनी में उसके मकान से एक किलो 600 ग्राम गांजा भी बरामद किया है। इसकी लंबे समय से तलाश थी।
मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ में कंकरखेड़ा पुलिस ने दस वर्षों से गांजे की तस्करी करने वाले तस्कर को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्कर की निशानदेही पर मद्रासी कालोनी में उसके मकान से एक किलो 600 ग्राम गांजा भी बरामद किया है। पुलिस को तस्कर की काफी दिनों से तलाश थी। इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर ने बताया कि मंगलवार को जवाहरनगर की मद्रासी कालोनी स्थित एक मकान में पुलिस ने छापा मारा।
मौके से गांजा तस्कर मेघराज पुत्र मनिअप्पा को धर दबोचा। पुलिस ने तस्कर की निशानदेही पर एक किलो 600 ग्राम गांजा भी बरामद कर लिया। जबकि उसका एक घंटे पहले ही वहां से भाग गया था। तस्कर करीब दस वर्षों से अलग-अलग ठिकाने बदलकर गांजा और अफीम की तस्करी करता था। पुलिस काफी दिनों से इसकी तलाश में थी।
करीब दो महीने पूर्व भी पुलिस ने मद्रासी कालोनी में सूचना पर दबिश दी थी, मगर जब मेघराज पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया था। मेघराज का एक अन्य साथी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। मेघराज ने पुलिस को बताया कि वह मुंबई, दिल्ली, कानपुर आदि शहरों में गांजे की आर्डर पर तस्करी करता है। पुलिस ने केस दर्ज कर तस्कर को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासात में जेल भेज दिया।