एक समारोह में भोजन पकाते वक्त सिलेंडर में लग गई आग, छह झुलसे, पांच की हालत नाजुक Bulandshahar News
जिस कमरे में आग लगा हुआ सिलेडर पहुंचा था। उसी कमरे में लोग जाने लगे और वहां आग लग गई। इस दौरान छह लोग झुलस गए इनमें से पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है।
बुलंदशहर, मेरठ। ऊंचागांव कस्बे में सोमवार को एक समारोह में गैस सिलेंडर में आग लगने से एक महिला सहित छह लोग झुलस गए। पांच की हालत गंभीर है। खाना पकाते वक्त सिलेंडर के लीक होने से आग लग गई।आग लगा सिलेंडर जहां पहुंचा लोग भी उसी कमरेे में जा पहुंचे और छह झुलस गए।
गैस लीक होने से सिलेंडर में आग लगी
कस्बा निवासी मनोज प्रजापति पुत्र हरपाल की 16 जून को शादी हुई थी। सोमवार को घर पर ही लोगों की दावत थी। खाना बनाते समय गैस लीक होने से सिलेंडर में आग लग गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। उधर, गैस के प्रेशर के कारण सिलेंडर झटके से एक कमरे में चला गया और वहां रखे सामान में आग लग गई। उधर, भगदड़ के दौरान इसी कमरे में मनोज अपने परिवार के किरनपाल, मोहन, चमेली, श्योराज व कन्हैया के साथ जान बचाने के लिए घुस गया। कमरे में आग लगने से सभी बुरी तरह से झुलस गए। शोर सुनकर वहां पहुंचे ग्रामीणों ने मुश्किल से सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाया। नरसेना थाना प्रभारी शौकेंद्र ङ्क्षसह ने झुलसे लोगों को ऊंचागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बताया कि पांच को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एक का उपचार ऊंचागांव में चल रहा है।
एंबुलेंस में नहीं मिली ऑक्सीजन
हादसे की सूचना के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और झुलसे लोगों को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को ऑक्सीजन के लिए कहा गया, लेकिन एंबुलेंस में आक्सीजन ही नहीं थी। इससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।