चंंडीगढ़ में हुए कोरोना से युवक की मौत को संक्रमित नहीं मान रहा जिला प्रशासन Shamli News
जिलाधिकारी ने कहा कि रिपोर्ट में भी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि युवक की मौत कोरोना से हुई है। जिला प्रशासन का यह भी कहना है कि चंडीगढ़ में ही युवक की मौत का मामला गिना जाएगा।
शामली, जेएनएन। पीजीआई चंडीगढ़ की ओर से कहा गया है कि मृत युवक कोरोना पॉजिटिव था, लेकिन जिला प्रशासन इसे पॉजिटिव केस नहीं मान रहा है। जिलाधिकारी का कहना है कि पॉजिटिव केस मानते हुए ही सभी सतर्कता बरती गई हैं। लखनऊ में उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया है। ये केस चंडीगढ़ में ही काउंट होगा।
कांधला क्षेत्र के एक गांव निवासी शिक्षा मित्र (35) की गुरुवार को चंडीगढ़ पीजीआइ में मौत हो गई थी। वह ब्लड कैंसर से पीडि़त थे। उनके साथ गए तीनों स्वजनों को क्वारंटाइन करके वहीं पर इनके सैंपल भी लिए थे। शुक्रवार को स्वजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार भी वहीं कर दिया गया था।
पीजीआई की ओर से मृतक को कोरोना पॉजिटिव बताया गया है। हालांकि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पॉजिटिव नहीं मान रहा है। वैसे तो सूचना मिलने पर शुक्रवार को परिवार के 13 लोगों को क्वारंटाइन कर दिया गया था। शामली के एक निजी अस्पताल में भी युवक कुछ दिन भर्ती रहा था। ऐसे में उक्त अस्पताल को बंद करा चिकित्सकों-स्टाफ को होम क्वारंटाइन किया है। इन सभी की जांच भी कराई जा रही है।
जिलाधिकारी जसजीत कौर का कहना है कि मृतक युवक कोरोना पॉजिटिव था या नहीं, कह नहीं सकते, क्योंकि रिपोर्ट में भी इनडिटरमिनेट लिखा है। लखनऊ में उच्चाधिकारियों को पूरी जानकारी दे दी गई है। उनकी कोरोना जांच और मृत्यु चंडीगढ़ में ही हुई, लिहाजा ये केस चंडीगढ़ में ही गिना जाएगा।