सचिव ने की विकास कार्यो की समीक्षा
ग्रामीण विकास मंत्रालय सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा शनिवार को हस्तिनापुर पहुंचे। यहां वन विभाग के अतिथि गृह में विकास कार्यो की समीक्षा की।
मेरठ, जेएनएन। ग्रामीण विकास मंत्रालय सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा शनिवार को हस्तिनापुर पहुंचे। यहां वन विभाग के अतिथि गृह में विकास कार्यो की समीक्षा की। इसमें उन्होंने मनरेगा, स्वयं सहायता समूह, बाल विकास परियोजना आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जैन मंदिरों व महाभारतकालीन स्थलों के भी दर्शन किए।
सचिव ने वन विभाग के अतिथि गृह में डीएम के बालाजी व सीडीओ ईशा दुहन से ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित मनरेगा, स्वयं सहायता समूह, बाल विकास, कायाकल्प आदि के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विकास खंड द्वारा संचालित गोआश्रय स्थल के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गोशाला को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए। खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि शीघ्र ही गोशाला में जैविक खाद तैयार की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट एसके सिंह, एसडीएम कमलेश गोयल, बीडीओ शैलेंद्र सिंह, सीओ उदय प्रताप सिंह, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, रेंजर नवरतन सिंह आदि रहे।
जल का दुरुपयोग न करें
सचिव ने कहा कि गांव स्तर पर जल संचयन का कार्य किया जाना चाहिए। नालियों में जो बेवजह पानी बह रहा है, इसके लिए ग्रामीणों को जागरूक कर जल संचयन के बारे में जानकारी देनी चाहिए।
जैन मंदिरों व पौराणिक स्थलों को देखा
उन्होंने जैन मंदिर जंबूद्वीप, श्वेतांबर मंदिर, अष्टापद तीर्थ, प्राचीन पांडेश्वर मंदिर आदि के दर्शन किए । इसके बाद वह भीकुंड गांव के समीप बने गंगा पुल पहुंचे। यहां उन्होंने प्रवासी पक्षी देखे और वन विभाग के डिप्टी रेंजर विनोद कुमार से इनके बारे में जानकारी प्राप्त की।
हादसे में कार गंग नहर में समाने से बची
नगर के गंगनहर कांवड़ मार्ग स्थित सलावा के निकट सरधना की ओर से जा रहे सवारियों से भरे मैजिक ने कार में टक्कर मार दी। गनीमत रही की कार गंग नहर में समाने से बच गई। हालांकि, किसी को चोट नहीं आई।
दिल्ली के मंगलपुरी निवासी जितेंद्र यादव पुत्र राम किशन ने बताया कि शनिवार को परिवार के साथ हरिद्वार से दिल्ली जा रहे थे। जब वह सलावा के पास पहुंचे तो सामने से आ रही मैजिक चालक ने कार में टक्कर मार दी और फरार हो गया। कार सवार युवक ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।