आजम खां पर सपा में छिड़ी रार बागपत तक पहुंची, फेसबुक पर भिड़े सपाई
बागपत के सपा जिला महासचिव डा. शकील अहमद ने आजम खां को लेकर शनिवार को फेसबुक पर पोस्ट कर अखिलेश यादव पर तंज कसा। उनसे कई सपा नेताओं ने पोस्ट हटाने को कहा लेकिन वही नहीं माने। इस मामले से समाजवादी पार्टी में लखनऊ तक खलबली मची है।
बागपत, जागरण संवाददाता। आजम खां पर सपा में छिड़ी रार बागपत तक पहुंच गई। अब सपा जिला महासचिव डा. शकील अहमद के फेसबुक पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तंज कसने से सपाइयों में घमासान मच गया। एक दूसरे पर तीखे हमले जारी हैं। जिला महासचिव पर गाज गिर सकती है।
बोले-अखिलेश भइया का ये सलूक ठीक है क्या
बागपत के सपा जिला महासचिव डा. शकील अहमद ने शनिवार को फेसबुक पर पोस्ट कर तंज कसा कि फेसबुक पर माननीय अखिलेश भईया ने जेल से रिहा होने पर आजम खान का किया स्वागत। वाह भईया वाह, आपने हद कर दी है। 100 प्रतिशत मुस्लिम वोट सपा को देने का ये इनाम। हमारा समाज याद रखेगा। समाज के जिम्मेदार लोगों बताओ कि अखिलेश भईया का ये सलूक आजम खान के लिए ठीक है? अपनी-अपनी कमेंट में राय दो...।
फिर मचा सपाइयों में घमासान
सपा कार्यकर्ता तरुण प्रधान ने जिला महासचिव पर पोस्ट कर कहा, नेता तो हमें आप लग रहे हैं। आपने कितना संघर्ष आजम खान के लिए किया? अखिलेश यादव आपकी और समाज की उपेक्षा कर रहे तो महासचिव पद से इस्तीफा दें। सपा नेता सुरेंद्र पंवार समेत अन्य ने जिला महासचिव पर हमला बोला तो अधिकांश ने उनका बचाव कर उनकी बात को सही करा दिया है। मनीष विश्वकर्मा ने कहा कि गलती तो गलती है। वह राष्ट्रीय अध्यक्ष करें या कार्यकर्ता और बात कहने का सबको अधिकार है। डेढ़ सौ से ज्यादा कमेंट आए। सोचते हैं कि मुस्लिम तो हमें ही वोट देंगे नाजिम बेग नाम के यूजर ने सपा की ओर इशारा कर लिखा कि मुस्लिमों ने एकतरफा वोट दिया। फिर भी हमारे नेताओं की कद्र नहीं। ये सोचते हैं भाजपा से डरकर हमें ही वोट देंगे। इकराम ने तंज कसा कि अखिलेश परिवार ने खुद को बचा लिया भाजपा से डील करके जो कड़वा सच है। मोहम्मद लुकमान ने टिप्पणी की, और क्या आजम की आरती उतारते अखिलेश जी।
सपा में लखनऊ तक खलबली
कई सपा नेताओं ने जिला महासचिव से पोस्ट हटाने को कहा लेकिन वही नहीं माने। इस मामले से सपा में लखनऊ तक खलबली मची है। जिला महासचिव पर गाज गिर सकती है। सपा जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कुछ कहने से इन्कार कर दिया।
इन्होंने कहा
मैं सपा का सच्चा सिपाही हूं। हमारे समाज ने सपा को वोट दिया है तो सपा को ही हमारे मुद्दे उठाने चाहिए। अपने समाज के हित को ध्यान में रख बिल्कुल सही पोस्ट की है। पार्टी कार्रवाई करे तो कोई चिंता नहीं है।
-डा. शकील अहमद, सपा जिला महासचिव।