शौक नहीं अब सेहत के लिए होती है साइकिल की सवारी, जानिए इसके फायदे
कभी लोग सफर के लिए साइकिल की सवारी करते थे अब सेहत को सही रखने के लिए साइकिल की सवारी कर रहे हैं। शहर में ऐसे बहुत से लोग हैं जिनकी दिनचर्या में साइकिल चलाना शामिल हो चुका है। इससे वह अपनी सेहत को भी बेहतर रखते हैं।
मेरठ, जेएनएन। कभी लोग सफर के लिए साइकिल की सवारी करते थे, अब सेहत को सही रखने के लिए साइकिल की सवारी कर रहे हैं। शहर में ऐसे बहुत से लोग हैं जिनकी दिनचर्या में साइकिल चलाना शामिल हो चुका है। इससे वह अपनी सेहत को भी बेहतर रखते हैं।
सबसे अच्छा अभ्यास
शास्त्रीनगर के रहने वाले अनुज शर्मा बताते हैं कि उनके मोहल्ले में साइकिल क्लब है, जिसके सदस्य साइकिल लेकर सुबह निकलते हैं। सुबह आधे से एक घंटे साइकिल चलाने से सभी को काफी लाभ हुआ है। साइकिल चलाने से शुगर, ब्लडप्रेशर की समस्या से भी राहत मिली है। वजन पूरी तरह से नियंत्रित रहता है। दिन भर ताजगी बनी रहती है। कई बार सुबह समय नहीं मिल पाता है तो वह शाम को आधे घंटे साइकिल जरूर चलाते हैं। उनका कहना है कि अगर कठिन व्यायाम करने से परेशानी हो तो साइकिल से बेहतर कुछ भी नहीं हो सकता है।
साइकिल चलाने के बड़े फायदे
साइकिल की सवारी अपने आप में एक संपूर्ण एक्साइज है। साइकिल चलाने से कई फायदे हैं, दिल को सेहतमंद रखने के लिए साइकिल चलाना काफी उपयोगी हो सकता है। साइकिल चलाने से मांसपेशियों की मजबूती रहती है। अगर आप वजन बढ़ने से परेशान हैं तो साइकिल की सवारी वजन को नियंत्रित करने में भी मदद करेगी। रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में साइकिल चलाने से फायदा मिल सकता है। कई लोग तनाव दूर करने के लिए भी साइकिल चलाते हैं। कम से कम 30 मिनट की साइकिल चलाने से शरीर को काफी लाभ मिल सकता है। चिकित्सकों की माने तो आज कल जिस तरह की दिनचर्या है, उसमें बैठे बैठे भी गठिया जैसी बीमारी हो सकती है। इसमें साइकिल चलाने से काफी लाभ मिल सकता है।