15 कर्मचारियों पर 71 स्थलों पर अलाव जलाने की जिम्मेदारी, देरी से पहुंच रही लकड़ी
इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे बचाने के लिए जहां रैन बसेरों तक
मेरठ,जेएनएन। इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे बचाने के लिए जहां रैन बसेरों तक निराश्रितों को पहुंचाना जरूरी है तो दूसरी तरफ अलाव जलाना भी उतना ही जरूरी है। नगर निगम 15 कर्मचारियों के भरोसे इसकी पूरी जिम्मेदारी छोड़ दी है। वाहन भी चार ही लगाए गए हैं। कर्मचारियों और वाहन कम लगे होने के कारण प्रतिदिन अलाव की लकड़ी शाम ढलने तक सभी अलाव स्थलों पर नहीं पहुंच पा रही है।
शहर में 12 रैन बसेरों, चार आश्रय केंद्रों, मेडिकल कालेज, पीएल शर्मा जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल, सभी चौराहों समेत लगभग 71 स्थलों पर नगर निगम अलाव जला रहा है। इतने स्थलों पर लकड़ी पहुंचाने के लिए चार वाहन लगाए गए हैं, जो शाम चार बजे नगर निगम के गोदाम से लकड़ी लेकर निकलते हैं और रात 10 बजे तक वापस लौट रहे हैं। प्रत्येक अलाव स्थल पर शाम छह बजे तक लकड़ी नहीं पहुंचने से लोग ठंड में ठिठुरने को मजबूर हैं। इसे देखते हुए वाहन बढ़ाने की जरूरत है। वहीं, लकड़ी तौलने, वाहन में लादने और उसे अलाव स्थल तक पहुंचाने में सिर्फ 15 कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। यह भी एक कारण है कि लकड़ी अलाव स्थल पहुंचाने में देरी हो रही है। अगर कर्मचारी बढ़ा दिए जाएं तो समय से लकड़ी पहुंचाई जा सकती है। फिलहाल नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि प्रतिदिन 30 से 35 कुंतल लकड़ी की खपत अलाव जलाने में हो रही है। जो भी दिक्कतें आ रही हैं, उन्हें दूर किया जाएगा।
ओमिक्रोन को लेकर प्रधान संगठन के मंडल अध्यक्ष से सीएम योगी ने की वर्चुअल मीटिग : देश में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रधानों के साथ वर्चुअल मीटिग की। बैठक में ग्राम प्रधान मीठेपुर प्रधान संगठन मैंडल अध्यक्ष पदमेंदर से बातचीत कर जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रधान संगठन अध्यक्ष से प्रदेश और गांवो में बढ़ते संक्रमण मामलों और स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों के कार्य भी जाने। उन्होंने ग्राम पंचायत की कार्य स्थिति और गरीब लोगो के आंकड़ों पर चर्चा करते हुए राशन मिलने की स्थिति भी जानी। प्रधान संगठन के अध्यक्ष ने बताया कि सभी व्यवस्था ठीक है। पश्चिम उत्तर प्रदेश से अकेले मीठेपुर गांव के प्रधान व प्रधान संगठन के मंडल अध्यक्ष पदमेंद्र सिंह चेयरमैन शामिल हुए। मीटिग में यूपी से पांच प्रधान बैठक में शामिल हुए।