अयोध्या में राम मंदिर निर्माण : मेरठ में निधि समर्पण अभियान के लिए संघ परिवार ने बनाई यह योजना Meerut News
श्रीराम मंदिर के लिए संघ परिवार के साथ विभिन्न अनुषांगिक संगठन राममंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान में पूरे जोश के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे। मेरठ में इसके लिए अलग-अलग संगठनों के 21 लोगों को दायित्व दिए हैं।
मेरठ, जेएनएन। अयोध्या में बनने वाले भव्य श्रीराम मंदिर के लिए संघ परिवार के साथ विभिन्न अनुषांगिक संगठन राममंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान में पूरे जोश के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे। अभियान के संचालन के लिए महानगर समिति में संघ परिवार के अलग-अलग संगठनों के 21 लोगों को दायित्व दिए गए। महानगर में यह अभियान 15 जनवरी मकर संक्रांति से लेकर 31 जनवरी तक चलाने वाला है।
इस सप्ताह हुई महानगर समन्वय समिति की बैठक में संघ परिवार के विश्व हिंदू परिषद विहिप समेत विभिन्न संगठनों के 21 लोगों की समिति गठित की गई है। इस समिति को महानगर समिति का नाम दिया गया है। जिसमें समिति के सदस्यों को अलग-अलग दायित्व दिया गया है। विहिप के महानगर मंत्री निमेश वशिष्ठ को श्रीराम मंदिर निधि समर्पण अभियान का महानगर प्रचार प्रमुख का दायित्व दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अभी तक महानगर के 6 भागों में समिति के गठन के बाद 32 नगरों में समिति का गठन हो चुका है। आगे की योजना के अनुसार वर्तमान में बस्ती एवं उप बस्ती के साथ गलियों की भी समिति का गठन किया जा रहा है। सभी समिति के गठन के बाद महानगर के प्रत्येक परिवार तक पहुंचने का लक्ष्य लिया गया है। जिसे दान नही समर्पण निधि का नाम दिया गया है। इस अभियान में सभी संगठनों के स्वयंसेवक अपने-अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी लेते हुए अभियान के तहत लोगों जाएंगे।