रेन वाटर हार्वेस्टिंग सबसे सस्ता विकल्प, इससे ही सुधरेगा भूजल स्तर
गिरते भूजल स्तर ने सबकी चिंता बढ़ा दी है। आने वाली पीढ़ी को पीने का पानी नसीब रहे इसके लिए हर नागरिक को सोचने और कुछ करने की जरूरत है। लगातार गिरते भूजल स्तर को सुधारने के लिए सबसे सस्ता और अच्छा विकल्प रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम ही है।
मेरठ, जेएनएन। गिरते भूजल स्तर ने सबकी चिंता बढ़ा दी है। आने वाली पीढ़ी को पीने का पानी नसीब रहे, इसके लिए हर नागरिक को सोचने और कुछ करने की जरूरत है। लगातार गिरते भूजल स्तर को सुधारने के लिए सबसे सस्ता और अच्छा विकल्प रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम ही है। इसे अपनाकर वर्षा जल का संचयन करना सबसे आसान है।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के लिए किसी सरकारी विभाग का चक्कर लगाने की जरूरत भी नहीं है। यह खुद ही बनवा सकते हैं। नगर निगम के अधिशासी अभियंता अमित शर्मा बताते हैं कि कोई भी व्यक्ति अपने मकान में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनवा सकता है। इसके लिए मकान की छत में, जिस तरफ ढाल हो, उधर एक पीवीसी पाइप लगानी होगी। मकान के परिसर में डेढ़ मीटर चौड़ा और तीन मीटर गहरा एक गड्ढा खोदकर एक पिट तैयार करनी होगी। उसका नीचे का हिस्सा कच्चा रखना होगा। अब, मकान की छत से लगी पीवीसी पाइप को बैंड के जरिए गड्ढे तक लाना होगा। गड्ढे में पत्थर की तीन परत बनानी होगी। गड्ढे में सबसे नीचे छोटे पत्थरों की परत, उसके ऊपर थोड़े बड़े पत्थरों की दूसरी परत और सबसे ऊपर मोटे पत्थरों की तीसरी परत बनानी होगी। यह त्रिस्तरीय परत बहकर पिट तक पहुंचने वाले वर्षा जल को छानकर भूगर्भ में भेजने का काम करेगी। गड्ढे को ढकने के लिए लोहे का एक जाल लगाना होगा। यह बहकर आने वाले कचरे को अंदर जाने से रोकेगा। यह पिट बारिश के दौरान मकान की छत और परिसर में एकत्र होने वाले वर्षाजल का संचयन करेगी।
नहीं आता है ज्यादा खर्च
अधिशासी अभियंता अमित शर्मा बताते हैं कि केवल तीन मीटर गहरा गड्ढा कर रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट बनानी है तो महज 10 हजार रुपये खर्च आएगा। अगर बोरिंग कर पिट तैयार करनी है तो लगभग 40 हजार रुपये खर्च आएगा क्?योंकि इसमें बोरिंग व पाइप का खर्च बढ़ जाएगा। बोरिंग की पिट ज्यादा बेहतर होती है लेकिन घरों में तीन मीटर गहरे गड्ढे की पिट भी जल संचयन के लिए बहुत उपयुक्त होगी।
नगर निगम भी कर रहा तैयारी : वर्षा जल संचयन के लिए नगर निगम रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने की तैयारी कर रहा है। निगम बेकार हैंडपंपों की बोरिंग में पिट बनाएगा। ये पिट कई मकानों के छत में एकत्र वर्षा जल का संचयन करने के हिसाब से बनाई जाएंगी। इसके लिए हैंडपंपों का सर्वे चल रहा है। जल्द ही काम शुरू होगा।
नजीर है बिजली यात्रिकी शाखा की बिल्डिंग : सिविल लाइंस स्थित जलनिगम की बिजली यात्रिकी शाखा की बिल्डिंग रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के हिसाब से किसी भी सरकारी भवन के लिए सबसे सुंदर उदाहरण है। यहा दो साल पहले स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम से लाखों लीटर वर्षा जल भूगर्भ में संचय किया जा चुका है। बिल्डिंग की छत का एक बूंद भी पानी नालियों में नहीं जाता। वर्षाजल फिल्टरयुक्त पिट में पाइप के जरिए सीधे पहुंचता है। फिल्टर से छनकर बोरिंग के जरिए भूगर्भ में चला जाता है। पूरे परिसर में तीन मीटर गहरे गड्ढे वाली करीब छह पिट भी हैं जो परिसर के पानी को भूगर्भ में भेजती हैं।