किसानों को समृद्ध बनाए बिना तरक्की संभव नहीं : बघेल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता और अखिल भारतीय कुर्मी किसान मजदूर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद कुमार बघेल ने कहा कि किसानों को समृद्ध बनाये बगैर देश की तरक्की संभव नहीं है।
मेरठ, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता और अखिल भारतीय कुर्मी किसान मजदूर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद कुमार बघेल ने कहा कि किसानों को समृद्ध बनाये बगैर देश की तरक्की संभव नहीं है। किसानों की आय बढ़ाने की जरूरत है।
वह बुधवार को सुभाष नगर में कुर्मी समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए। नंद कुमार बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों को 2500 रुपये न्यूनतम धान का समर्थन मूल्य और दो रुपये प्रति किलो गोबर के मिल रहे हैं। कहा कि देश में गोबर और गो मूत्र कलेक्शन सेंटर खोलने की जरूरत है। छत्तीसगढ़ सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही है। देश के अन्य राज्यों में भी पशुपालकों से गोबर की खरीदी की स्कीम लाने की जरूरत है। 86 वर्षीय बघेल ने मेरठ की यादें साझा कीं। कहा कि एक बार किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत के समर्थन में छत्तीसगढ़ से 30-35 साथियों के साथ आये थे। बघेल ने कहा कि रायपुर में तीन और चार मार्च को कुर्मी समाज का राष्ट्रीय अधिवेशन कर रहे हैं। अधिवेशन का आमंत्रण समाज के लोगों को देने मेरठ आये हैं। कार्यक्रम में कुर्मी समाज की ओर से उनको भगवान बुद्ध की मूर्ति देकर और शाल उड़ाकर सम्मानित किया गया। मुनीश पटेल, अंकुर, आकाश, मोहनलाल वर्मा, मुरारीलाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
वरिष्ठ नेता अहमद पटेल को दी श्रद्धांजलि: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर कांग्रेस पदाधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई। जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुढ़ाना गेट कार्यालय पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा कि यह कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति है। अहमद पटेल सच्चे, निष्ठावान, कुशल राजनीतिज्ञ रहे। उन्होंने मूल्यों की राजनीति की। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जाहिद अंसारी, पीसीसी सदस्य व प्रवक्ता अखिल कौशिक ने विचार रखे। पार्टी प्रवक्ता हरिकिशन आंबेडकर ने बताया कि दो साल पहले वह कांग्रेस कार्यकर्ता इमरान की बहन की शादी में मेरठ आये थे। श्रद्धांजलि सभा में योगी जाटव, महेंद्र शर्मा, नईम राणा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। -जासं