बागपत के 85 वर्षीय एथलीट इलमचंद को राष्ट्रपति करेंगे सम्मानित, जानिए उनकी उपलब्धियां
बागपत निवासी 85 वर्षीय एथलीट इलमचंद ने वेटरन वर्ग में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 400 से अधिक पदक जीते हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने वरिष्ठ नागरिकों को उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धियों के लिए दिए जाने वाले व्योश्रेष्ठ सम्मान के लिए उनका चयन किया है।
बागपत, जागरण संवाददाता। रंछाड़ गांव के 85 वर्षीय एथलीट इलमचंद तोमर को अपनी खेल उपलब्धियों के लिए व्योश्रेष्ठ सम्मान मिलेगा। शुक्रवार एक अक्टूबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द इलमचंद को यह सम्मान प्रदान करेंगे।
वर्ष 1996 में प्रधानाचार्य पद से हुए थे रिटायर
इलमचंद वर्ष 1996 में बिजवाड़ा के बीपी इंटर कालेज से प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत हुए थे। इसके बाद सिरसा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में आकर योग शुरू किया। वह अब तक योग व एथलेटिक्स की वेटरन राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 400 से अधिक पदक जीत चुके हैं।
ये हैं महत्वपूर्ण उपलब्धियां
उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 से सीनियर सिटीजन श्रेणी की 22 किलोमीटर की हाफ मैराथन दौड़ लगातार जीतते आ रहे हैं। 2013 में चीन में हुई प्रतियोगिता में पोल वाल्ट स्पर्धा में रजत तथा मलेशिया में हुई प्रतियोगिता में 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। एथलेटिक्स स्पर्धाओं में 100 से अधिक तथा योग प्रतियोगिताओं में करीब 300 पदक जीत चुके हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय हर वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों को उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धियों के लिए व्योश्रेष्ठ सम्मान प्रदान करता है। रंछाड़ के इलमचंद को खेल एवं साहसिक कार्यों की श्रेणी में इस सम्मान के लिए चुना गया है।
स्वजन के साथ दिल्ली पहुंचे
इलमचंद ने बताया कि उन्हें दिल्ली के विज्ञान भवन में एक अक्टूबर को होने वाले सम्मान समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द पुरस्कार देंगें। पुरस्कार में ढाई लाख की धनराशि, शाल व प्रशस्ति पत्र मिलेगा। मंत्रालय के निमंत्रण पर समारोह में भाग लेने के लिए वह स्वजन के साथ दिल्ली पहुंच गए हैं।