30 जनवरी से विषम सेमेस्टर की परीक्षा कराने की तैयारी
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 का शैक्षणिक कैलेंडर वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। इसमें सत्र को नियमित करने की कोशिश की गई है। इसके अनुसार नए सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया मार्च 2022 से शुरू कर दी जाएगी।
मेरठ, जेएनएन : चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 का शैक्षणिक कैलेंडर वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। इसमें सत्र को नियमित करने की कोशिश की गई है। इसके अनुसार नए सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया मार्च 2022 से शुरू कर दी जाएगी।
कैलेंडर के अनुसार 20 जनवरी तक परीक्षा कार्यक्रम कालेजों को भेजने की तिथि तय की गई है। विषम सेमेस्टर की परीक्षा 30 जनवरी और वार्षिक प्रणाली की परीक्षा 20 फरवरी से कराने की तिथि तय की गई है। सम सेमेस्टर में प्रयोगात्मक परीक्षकों के नाम की सूची कालेजों में भेजने की तिथि 15 मई 2022 निर्धारित की गई है। प्रयोगात्मक परीक्षा 30 जून 2022 से शुरू होगी। सम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म भरने की तिथि अप्रैल से मई 2022 में तय की गई है। 31 मई 2022 तक वार्षिक परीक्षा के परिणाम घोषित किए जाएंगे। 31 जुलाई 2022 तक सेमेस्टर परीक्षा के परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रवेश प्रक्रिया के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन 20 मार्च 2022 से शुरू होंगे। सीधे प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन इंटर और स्नातक की परीक्षा का परिणाम घोषित करने के तुरंत बाद 10 जून 2022 से शुरू होगी।
अतिरिक्त कक्षाएं चलेंगी
विवि और कालेजों को 180 दिन शिक्षण दिवस रखने होंगे। अगर इससे कम दिन होने पर अतिरिक्त कक्षाएं चलाकर पाठ्यक्रम को पूरा किया जाएगा। शोक सभाएं केवल विवि में कार्यरत शिक्षक या कर्मचारी के निधन पर होंगी। इसके बाद साढ़े तीन बजे के बाद कक्षाएं चलेंगी।
एमडीएस के 19 से भरे जाएंगे परीक्षा फार्म
मेरठ: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में संचालित एमडीएस पाठ्यक्रम प्रथम वर्ष और अंतिम वर्ष की सप्लीमेंट्री की परीक्षा शुरू होने वाली है। इसके लिए 19 जनवरी से आनलाइन परीक्षा फार्म भरे जाएंगे। आनलाइन परीक्षा फार्म और आनलाइन परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 जनवरी है। 27 जनवरी तक कालेजों में परीक्षा फार्म जमा किए जाएंगे। 28 जनवरी तक कालेज विश्वविद्यालय में अपने परीक्षा फार्म जमा कर सकेंगे। कोविड के संक्रमण को देखते हुए कालेजों में परीक्षा फार्म जमा करने की तिथि बढ़ाई भी जा सकती है।