मुजफ्फरनगर में युवती की हत्या के राजफाश के करीब पहुंची पुलिस, ऐसे जोड़ेगी कड़ियां
मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे 11 नवंबर को एक युवती का जला हुआ शव मिला था। शिनाख्त नहीं होने के बाद पुलिस शव को मर्चरी भिजवाया था। युवती के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले राजफाश हुआ है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। मुजफ्फरनगर में पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग-58 के निकट एक खेत में मिले युवती के जले हुए शव के राजफाश के करीब पहुंच गई है। पुलिस आनर किलिंग से इन्कार नहीं कर रही है। फिलहाल सभी पहलूओं और तथ्यों को एकत्र किया जा रहा है। हत्याकांड के तार थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़े मिल रहे है। पुलिस ने शव का बिसरा प्रिजर्व किया है। साथ ही डीएनए टेस्ट के लिए आगरा लैब में भी अर्जी लगाई गई है।
यह था मामला
राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे 11 नवंबर को एक युवती का जला हुआ शव मिला था। शिनाख्त नहीं होने के बाद पुलिस शव को मर्चरी भिजवाया था। युवती के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले राजफाश हुआ है। इंस्पेक्टर कुशल पाल सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में युवती की मौत का कारण दम घुटना है। उसके बाद शव को तेजाब जैसे पदार्थ से जलाया गया है। चेहरे के साथ शव को जलाकर पहचान नष्ट करने की कोशिश की गई है। शव का बिसरा प्रिजर्व किया गया है। डीएनए टेस्ट के बाद काफी पहलू साफ हो पाएंगे।
आनर किलिंग से इंकार नहीं
पुलिस मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है। थाना क्षेत्र के एक गांव युवती गायब है। उसकी गुमशुदगी भी दर्ज नहीं है। पुलिस का मानना है कि यह वही युवती है। सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है। इंस्पेक्टर कुशल पाल सिंह ने बताया कि जल्द ही हत्याकांड का राजफाश किया जाएगा। मामले में कुछ अहम सुबूत हाथ लगे है।