बुलंदशहर में दुष्कर्म के आरोपित दिव्यांग को पुलिस ने भेजा जेल, अभी नहीं आई रिपोर्ट Bulandshahr News
बुलंदशहर जिले के सलेमपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में जिस दिव्यांग युवक पर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने का आरोप लगा था उसे पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया है। हालांकि पुलिस खुद हैरत में है कि दिव्यांग दुष्कर्म कैसे कर सकता है।
बुलंदशहर, जेएनएन। बुलंदशहर जिले के सलेमपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में जिस दिव्यांग युवक पर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने का आरोप लगा था, उसे पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया है। लड़की पहले मेडिकल कराने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन बाद में उसने पुलिस के समझाने पर मेडिकल कराने के लिए हां कर दी थी। शुक्रवार को लड़की का मेडिकल कराने के बाद आरोपित को जेल भेजा गया। अब मेडिकल रिपोर्ट में साफ होगा कि दुष्कर्म हुआ या नहीं।
दरअसल, जिस दिव्यांग युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। उसके दोनों हाथ कटे हुए है। इसलिए पुलिस को आंशका है कि युवक दुष्कर्म नहीं कर सकता है। पूछताछ में भी युवक ने यही बताया कि उसे फंसाया जा रहा है, लेकिन नाबालिग लड़की जिद पर अड़ी थी कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। लड़की ने यह भी बताया कि आरोपित के भले ही दोनों हाथ न हो। वह सबकुछ करता है। बाइक तक भी अपने कटे हुए हाथों से चलाता है। हस्ताक्षर तक कटे हुए हाथों से करता है।
सलेमपुर थाना प्रभारी प्रताप बालियान ने बताया कि आरोपित किशन पुत्र गोपाल को फिलहाल जेल भेज दिया गया है। दो दिन के बाद लड़की के अदालत में धारा 164 के बयान भी दर्ज कराए जाएंगे। वहीं, एसएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि यदि लड़की की मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होती है तो आरोपित जेल में रहेगा। यदि मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि नहीं होती और अन्य जांच में भी दुष्कर्म नहीं पाया जाता तो उसे जेल से बाहर निकाला जाएगा।