बुलंदशहर में मुठभेड़ के बाद एक बदमाश गिरफ्तार, साथी फरार, गाजियबाद में की थी लूट
बुलंदशहर में गुरुवार की देर रात गाजियाबाद की एक निजी कंपनी के मुनीम से 2.18 लाख की लूट करने वाले बदमाशों से सिकंदराबाद पुलिस की मुठभेड़ हो गईं। एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। गाजियाबाद की एक निजी कंपनी के मुनीम से 2.18 लाख की लूट करने वाले बदमाश से गुरुवार की देर रात सिकंदराबाद पुलिस की मुठभेड़ हो गईं। बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे सिकंदराबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया है। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि उसने लूट करने के बाद कुछ रकम बैंक खाते में डाल दी थी। इसलिए पुलिस ने आरोपित की पासबुक को भी कब्जे में ले लिया है।
इस तरह हुई मुठभेड़
सिकंदराबाद थाना प्रभारी गुरुवार की देर रात बदमाश की सूचना पर बुलंदशहर गाजियाबाद हाईवे पर चेकिंग करने लगे। तेजी रफ्तार से एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति जाते दिखाई दिये, जिनको प्रभारी निरीक्षक सिकंदराबाद द्वारा रुकने का इशारा किया गया तो उक्त दोनों बाइक सवार बदमाश बाइक को तेजी से भगाने लगे। प्रभारी निरीक्षक सिकंदराबाद द्वारा बदमाशों का पीछा करते हुए उक्त बदमाशों के भागने की सूचना चौकी प्रभारी कायस्थवाडा पीआरवी-2106, और फैंटम 18,19, 20 को दी गयी। इस सूचना पर चौकी प्रभारी कायस्थवाडा मय फोर्स के तत्काल हाईवे की तरफ पहुंचे जहां पर बाइक सवार बदमाश अपने को घिरता देख बाइक को तेजी से सिरोधन रोड की तरफ मोड़कर भागने लगे। जिससे उनकी बाइक असंतुलित होकर फिसलकर गिर गई।
यह मिला बदमाशों के पास
बदमाश पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग करने लगे। पुलिस टीम द्वारा भी आत्मरक्षार्थ फायर किए गए। जवाबी कार्यवाही में एक बदमाश को पैर में गोली लग गई। बदमाश की पहचान मोहित पुत्र गिरवर निवासी मन्डावरा थाना सिकंदराबाद के रूप में हुई है। एक बदमाश फरार हो गया। मौके से अवैध असलाह मय कारतूस, एक बाइक एवं अभियुक्त से लूट के 19,000 रुपये व पीएनबी बैंक की पासबुक बरामद हुए हैं।
लूट से डकैती में तब्दील हुआ मुकदमा
गांव कांवरा निवासी शहजाद से बदमाशों ने 2.18 लाख की लूट की थी। जिसके बाद पुलिस ने लूट में ही मुकदमा दर्ज किया था। अब जांच में सामने आया है कि पांच बदमाशों ने वारदात की थी। जिसमे तीन पहले जेल जा चुके हैं और एक गुरुवार की देर घायल अवस्था मे पकड़ा गया है। एक बदमाश फरार है। इसलिए बदमाशों की संख्या चार से अधिक होने पर डकैती की धारा बढ़ाई गई है।