डकैत गिरोह का राजफाश: भीख मांगकर रेकी करती थी महिलाएं, रात को गिरोह डालता था डकैती Bulandshahar News
बुलंदशहर में पुलिस ने लूट-डकैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बुलंदशहर में पांच दिन पूर्व स्याना में चार घरों में गिरोह ने डाली थी डकैती। गिरोह में चार युवक और तीन महिलाएं शामिल सोने-चांदी के आभूषण बरामद।
बुलंदशहर, जेएनएन। स्याना-खानपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से एक गिरोह का राजफाश किया है। इस गिरोहो की तीन महिलाएं दिन में भीख मांगने के बहाने रेकी करती थी और रात में अपने पुरुष साथियों के साथ डाका डालने की घटना को अंजाम देती थी। पुलिस ने लूट-डकैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी मुरादाबाद के हैं, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। गिरोह ने स्याना में चार घरों में डकैती के अलावा खानपुर एवं अमरोहा में लूट-डकैती की घटनाओं को अंजाम देना कबूला है। आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवरात, हजारों की नगदी, तमंचे-कारतूस आदि सामान बरामद हुआ है।
यह है मामला
रविवार को पुलिस लाइन में एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात एक सूचना पर स्याना और खानपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्याना पशु पैंठ में बने एक पुराने मकान में दबिश देकर चार बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों के पास से स्याना में 13 अक्तूबर की रात को चार मकानों में डकैती में लूटा गया सामान बरामद कर लिया। बदमाशों से पूछताछ के आधार पर तीन अन्य महिला आरोपियों को भी गांव किसौला के बाहर गन्ने के कोल्हू से पकड़ लिया गया। पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाशों के पास से सोने का एक टीका, दो गले के सेट, एक मंगलसूत्र, एक चूडी, 12 जोड़ी कुंडल, दो जोड़ी झुमकी, सात अंगूठी, तीन चेन तथा चांदी के 26 जोड़ी पायजेब, 7 अंगूठी एवं 12 जोड़ी बिछुए बरामद हुए। इसके अलावा 48 हजार रुपये की नगदी और चार तमंचे एवं सात कारतूस बरामद किए गए। बदमाशों ने स्याना में चार घरों में डकैती के अलावा खानपुर में लूट की घटना, अमरोहा के थाना हसनपुर क्षेत्र में दो मकानों में लूट करना कबूल किया है। एसएसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य दिन में भीख मांगने के बहाने लूटपाट के लिए मकानों को चिन्हित करते थे। पुलिस ने पूछताछ कर सभी आरोपियों का चालान कर दिया है।
ये हैं गिरोह के सदस्य
नदीम उर्फ सोल्जर निवासी चूंहा नंगला थाना भगतपुर मुरादाबाद, ताहिर उर्फ नवी आलम उर्फ शादाब, नूर आलम उर्फ भूरा,फिरोज उर्फ सपोला, अल्फिजा पत्नी आशिक रजा उर्फ अनस उर्फ भीमा, गुलफ्शा पत्नी जिकरस हैदर, सलमा उर्फ अंजुम उर्फ मर्जिना पत्नी शादाब उर्फ ताहिर उर्फ नवी आलम निवासीगण रई नंगला थाना भोजपुर मुरादाबाद के रूप में हुई है।