UP: मेरठ में अपराधियों की संपत्ति जब्त की कार्रवाई तेज, खंगाली जा रही वांटेड बाफर और उधम की हिस्ट्री
जेल में बंद मेरठ के कुख्यातों की नामी और बेनामी संपत्ति की जांच पुलिस ने फिर से शुरू कर दी है। कुख्यात भूपेंद्र बाफर और उधम सिंह की आपराधिक हिस्ट्री और राजनैैतिक कनेक्शन तलाशा जा रहा है। ताकि इनकी संपत्ति जब्त हो सके।
मेरठ, जेएनएन। जेल में बंद कुख्यातों की नामी और बेनामी संपत्ति की जांच पुलिस ने फिर से शुरू कर दी है। फिलहाल कुख्यात भूपेंद्र बाफर और उधम सिंह की आपराधिक हिस्ट्री के बारे में एएसपी कृष्ण विश्नोई पड़ताल कर रहे हैं, ताकि दोनों अपराधियों की अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति जब्त हो सके। साथ ही दोनों बदमाशों के राजनैतिक कनेक्शन भी तलाशे जा रहे हैं।
जनपद में 72 अपराधियों पर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। अब सभी अपराधियों की नामी और बेनामी संपत्ति का ब्योरा जुटाने के लिए एएसपी कृष्ण विश्नोई को लगाया गया है, जिसमें प्रमुख नाम जेल में बंद कुख्यात भूपेंद्र बाफर और उधम सिंह का है। एएसपी दोनों ही अपराधियों की पूरी कुंडली निकाल रहे है। उनकी नामी और बेनामी संपत्ति का ब्योरा भी जुटाया जा रहा है। देखा जा रहा है कि अपराधियों ने अवैध रूप से कमाई रकम से किसके नाम संपत्ति खरीदी है। संपत्ति को चिह्नित करने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
अभी तक पुलिस कुख्यात योगेश भदौड़ा द्वारा कब्जाई गई जमीन पर बुल्डोजर चला चुकी है। साथ ही कुख्यात बदन सिंह बद्दो की संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू होने वाली है। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि 72 अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। उनकी अवैध रुप से कमाई संपत्ति की जांच की जा रही है। ताकि पुलिस 14ए में कुर्क की कार्रवाई कर सके। अपराधियों के अलावा सोतीगंज का वाहन चोर मन्नू कबाड़ी भी शामिल है।
किस-किस फर्म से जुड़े हैं कुख्यात
भूपेंद्र बाफर, उधम सिंह और योगेश भदौड़ा से जुड़ी फर्मों की भी जांच की जा रही है। देखा जा रहा है कि बदमाश किस-किस फर्म से साइलेंट तरीके से रंगदारी वसूल रहे है। माना जा रहा है कि कई बड़े कुख्यात बदमाशों का कनेक्शन शहर की कई बड़ी फर्मों से है। एएसपी कृष्ण विश्नोई का कहना है कि जल्द ही सभी अपराधियों की कुंडली खंगाल दी जाएगी।