बुलंदशहर : दारोगा दुष्कर्म पीड़िता से बोला, मानोगी मेरी बात तो ही होगा मेडिकल नहीं तो...
ककोड़ थाने में तैनात एक दारोगा पर एक दुष्कर्म पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाए है। पीड़िता का कहना है कि उसके साथ सहारनपुर के एक युवक ने दुष्कर्म किया।
बुलंदशहर, जेएनएन। ककोड़ थाने में तैनात एक दारोगा पर एक दुष्कर्म पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाए है। पीड़िता का कहना है कि उसके साथ सहारनपुर के एक युवक ने दुष्कर्म किया। उसे कई दिन तक बंधक बनाकर रखा। मुकदमा तो युवक के खिलाफ दर्ज कर लिया गया, लेकिन दुष्कर्म की धारा नहीं लगाई। अभी तक पीड़िता का मेडिकल भी नहीं कराया गया। आरोप है कि दारोगा बोलता है कि यदि वह उसे खुश कर देगी तो वह उसका मेडिकल करा देगा। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की है।
इस गांव की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि तीन अगस्त को उसके पड़ोस में रहने वाली काजल और कोमल ने उसे कुछ काम के लिए अपने घर पर बुलाया। यहां पर सहारनपुर जिले के गांव बिलासपुर निवासी जितेंद्र गुर्जर पहले से मौजूद था। आरोप है कि काजल और कोमल ने युवती को जबरन जितेंद्र गुर्जर की कार में बैठा दिया। जितेंद्र उसे लेकर सहारनपुर आ गया। उसके साथ उसने कई दिन तक दुष्कर्म किया। जिसके बाद पुलिस ने युवती को सहारनपुर से बरामद कर लिया।
उधर, काजल, कोमल और जितेंद्र के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़िता का कहना है कि अभी तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया। इस मुकदमे की विवेचना कर रहे दारोगा पीड़िता पर दबाव बना रहा है कि वह उसके साथ संबंध बनाए। यदि उसने ऐसा करने से इन्कार किया तो आरोपित उसे धमकी दे रहा है कि उसका कभी मेडिकल नहीं कराएगा और उसका केस कमजोर कर देगा। एसएसपी ने बताया कि इस शिकायत की जांच एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव को सौंपी गई है। एसपी सिटी की रिपोर्ट आने के बाद ही दारोगा पर कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।
छेड़छाड़ का भी दर्ज है मुकदमा
ककोड़ थाने में तैनात यह दारोगा पहले भी चर्चाओं में आ चुका है। इस दारोगा के खिलाफ एक थाने में तैनात महिला कांस्टेबल ने भी छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। उस दाैरान दारोगा को तत्कालीन एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया था। दुष्कर्म पीड़िता ने एसएसपी संतोष कुमार सिंह को यह छेड़छाड़ की कहानी भी बताई है।