डाकघरों में दिनभर भटके लोग, नहीं बने आधार कार्ड
पोस्टमास्टर जनरल के आदेश मिलने के बावजूद शहर के डाकघरों में आधार कार्ड बनने शुरू नहीं हुए।
जेएनएन, मेरठ। पोस्टमास्टर जनरल के आदेश मिलने के बावजूद शहर के डाकघरों में आधार कार्ड बनने शुरू नहीं हुए। गुरुवार सुबह दस बजे से ही आवेदक आधार कार्ड बनवाने के लिए डाकघरों के चक्कर लगाते रहे। डाकघरों ने कहीं तैयारी का बहाना बनाया तो कहीं कंप्यूटर का जीपीएस एक्टिवेट न होने की बात कही। लगभग चार माह बाद सेवा केंद्र शुरू करने की सूचना पाते ही दोनों मुख्य डाकघरों में दूरदराज से पहुंचे आवेदक निराश हो गए।
बरेली के पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने मेरठ मंडल में बुधवार को डाकघरों में आधार कार्ड बनाने की सेवा शुरू करने का निर्देश जारी किया था। इसको आगे बढ़ाते हुए मेरठ मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर वीर सिंह ने प्रमुख डाकघरों समेत उप डाकघरों को पत्र जारी कर दिशा-निर्देश दिए। गुरुवार सुबह डाकघर खुलते ही आवेदक आधार सेवा केंद्रों पर पहुंच गए। डाकघर कर्मचारियों ने आधार कार्ड सेवा शुरू होने की बात से साफ इंकार कर दिया। इस दौरान छावनी व शहर के दोनों मुख्य डाकघरों में लोगों से नोकझोंक भी हुई। शहर के 15 व ग्रामीण क्षेत्र में 10 उपडाकघरों में आधार कार्ड सेवा संचालित है।
एसएसपी को नहीं थी जानकारी
मुजफ्फरनगर के साथ प्रवर अधीक्षक डाकघर मेरठ का कार्यभार संभाल रहे वीर सिंह ने बताया कि उन्होंने पीएमजी के आदेश को आगे बढ़ाते हुए डाकघरों को पत्र जारी किया था। गुरुवार को आधार कार्ड बनाने का कार्य शुरू नहीं हुआ। इसकी जानकारी उन्हें कहीं से नहीं मिली। सभी सेवा केंद्रों को सैनिटाइज किया जा रहा है। जल्द ही सेवा शुरू कर दी जाएगी।
इनका कहना है
यह गंभीर मामला है। डाकघरों में आधार कार्ड बनाने का कार्य शुरू क्यों नहीं किया गया। इसकी जानकारी की जाएगी।
- संजय सिंह, पोस्टमास्टर जनरल बरेली रीजन