मां तुझे प्रणाम में गूंजे देशभक्ति के तराने
भारत माता अभिनंदन संगठन की स्थानीय शाखा की ओर से सोमवार को गणतंत्र दिवस को लेकर युवाओं में देशभक्ति का भाव जागृत करने के लिए मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें वर्चुअल माध्यम से जुड़े कवियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता व गीतों का पाठ किया।
मेरठ, जेएनए। भारत माता अभिनंदन संगठन की स्थानीय शाखा की ओर से सोमवार को गणतंत्र दिवस को लेकर युवाओं में देशभक्ति का भाव जागृत करने के लिए मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें वर्चुअल माध्यम से जुड़े कवियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता व गीतों का पाठ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कवि अशोक गोयल ने की। उन्होंने भारत की भूमि पर भाग्य से मिला है जन्म, जन्म भर तुझे शीश झुकाऊंगा को पढ़ा। महेश शर्मा ने स्वतंत्र अब भारत देश, अपना शासन अपना देश और संगठन की जिलाध्यक्ष नीलम मिश्रा तरंग ने जिगर पे जब दुश्मन का लोहा खाया होगा, मां भारती ने भी अपना आंचल फैलाया होगा को पढ़ा। माला सिंह ने तरंगे को समर्पित अपनी रचना लहराता तिरंगा प्यारा.. को गुनगुनाया। वहीं, मुक्ता शर्मा ने मिट्टी मेरे वतन की, चंदन से कम नहीं, सिर इसको झुका देना, वंदन से कम नहीं को पढ़ा। इस दौरान रेखा गिरीश, बीना गोयल, चित्रा त्यागी, पूनम शर्मा आदि ने देशभक्ति की कविताओं से सभी का मन मोह लिया।
100 स्थानों पर जलेगा अलाव
मेरठ : अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे ने सोमवार को नगर निगमों के नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिग की। इसमें अधिकांश बातें केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना पर हुईं। मेरठ चूंकि राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना में शामिल है, इसलिए इस पर बात नहीं हुई। उन्होंने अलाव की स्थिति पर जानकारी ली। जिस पर नगर आयुक्त ने उन्हें जानकारी दी कि शहर में 71 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। अपर मुख्य सचिव ने अलाव के स्थानों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त मनीष बंसल ने बताया कि अब 100 स्थानों पर अलाव जलाए जाएंगे। सभी स्थानों पर लकड़ी की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। लकड़ी पहुंचाने के लिए कर्मचारी और वाहनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।