Oxygen In Meerut: राहत की बात, BPL और अंत्योदय कार्ड धारकों को मिलेगी फ्री आक्सीजन
मेरठ में कोरोना संकट के बीच यह राहतभरी खबर है। बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे निवास करने वाले) और अंत्योदय राशन कार्ड धारक परिवार के कोविड संक्रमित सदस्य के लिए निशुल्क आक्सीजन सिलेंडर भरने का आदेश दिया है। यह सुविधा आज से शुरू हो गई।
मेरठ, जेएनएन। कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे निवास करने वाले) और अंत्योदय राशन कार्ड धारक परिवार के कोविड संक्रमित सदस्य के लिए निशुल्क आक्सीजन सिलेंडर भरने का आदेश दिया है। यह सुविधा गुरुवार से शुरू होगी। आक्सीजन सिलेंडर के दाम कम करके 400 रुपये निर्धारित किए जाने से भी आम जनता को खासी राहत मिली है। कमिश्नर ने बताया कि गुरुवार को मेरठ औ सहारनपुर मंडल में आक्सीजन की कमी नहीं होगी। गुजरात से आक्सीजन एक्सप्रेस गुरुवार तड़के दिल्ली पहुंच गई है।
यह बताया मंडलायुक्त ने
कमिश्नर ने बताया कि गरीब परिवार के कोरोना संक्रमित सदस्यों की यदि हालत गंभीर है और उन्हें होम आइसोलेशन में रहकर आक्सीजन की जरूरत है तो उनके लिए आक्सीजन सिलेंडर फ्री में भरे जाएंगे। इसके लिए निजी कंपनियां मदद करने को तैयार हैं। यह सुविधा गुरुवार से ही शुरू कर दी जाएगी। कमिश्नर ने बताया कि गुरुवार तड़के गुजरात से हापा एक्सप्रेस ट्रेन आक्सीजन के टैंकर लेकर दिल्ली पहुंच गई है। वह मेरठ औ सहारनपुर मंडल के लिए 84 टन आक्सीजन लेकर आई है। जिसमें से मेरठ जनपद के लिए 33 टन आक्सीजन आरक्षित है। लिहाजा गुरुवार को मेरठ मे आक्सीजन की कोई कमी नहीं होगी।