मेरठ : कृषि कानून के विरोध के बीच किसानों की आय दोगुना करने के लिए मास्टर प्लान
कृषि कानूनों के विरोध में एक माह से चल रहे आंदोलन के बीच सरकार ने जनपद और मंडल स्तर पर किसानों की आय दोगुना करने के लिए मास्टर प्लान प्रशासन को भेजा है। इसे किसान कल्याण मिशन का नाम दिया गया है।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ सहित कई जिलों में कृषि कानूनों के विरोध में एक माह से चल रहे आंदोलन के बीच सरकार ने जनपद और मंडल स्तर पर किसानों की आय दोगुना करने के लिए मास्टर प्लान प्रशासन को भेजा है। इसे किसान कल्याण मिशन का नाम देते हुए सभी जिलों में तत्काल लागू कराने के निर्देश मुख्य सचिव ने जारी किए हैं।
6 जनवरी से होगा आरंभ
उप कृषि निदेशक मेरठ ब्रजेश चंद्रा ने बताया कि कृषि व कृषि आधारित अन्य गतिविधियों जिनमें पशुपालन, बागवानी व गन्ना आदि पर आधारित को विकसित करते हुए किसान कल्याण व किसान की आमदनी दोगुना करने का अभियान किसान कल्याण मिशन के रूप में चलाया जाएगा। इसकी शुरूआत छह जनवरी कोहोगी। यह कार्यक्रम तीन सप्ताह तक चलेगा। प्रत्येक ब्लाक विकास खंड में किसानों के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लगेगी प्रदर्शनी, आयोजित होगा मेला
विकास खंड स्तर पर प्रदर्शनी व कृषि मेला का आयोजन होगा। जिसमें कृषि विभाग के साथ मत्स्य, उद्यान, पशुपालन, रेशम, सहकारिता, सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई, नेडा, विद्युत, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, वन व बाल विकास आदि विभाग अपनी-अपनी योजनाओं से संबंधित स्टाल लगाएंगे और लाभार्थी परक योजनाओं के पुरस्कार व प्रमाण पत्र आदि भी स्वीकृत किए जाएंगे।