Meerut Crime News: मेरठ में एक करोड़ की चोरी का राजफाश, महिला समेत सात गिरफ्तार
शिक्षण संस्थानों के मालिक के घर हुई एक करोड़ से अधिक की चोरी का पुलिस ने राजफाश कर दिया। एक महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के जेवरात खरीदने वाले सर्राफ पिता-पुत्र को भी पकड़ा है। गिरोह का सरगना अभी फरार है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। शिक्षण संस्थानों के मालिक के घर हुई एक करोड़ से अधिक की चोरी का पुलिस ने राजफाश कर दिया। एक महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के जेवरात खरीदने वाले सर्राफ पिता-पुत्र को भी पकड़ा है। गिरोह का सरगना अभी फरार है।
पुलिस लाइन में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नंगला बट्टू रोड निवासी कारोबारी विपिन जैन कुछ समय पहले स्वजन संग देहरादून गए थे। 27 अगस्त को बदमाशों ने उनके घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। एक करोड़ से अधिक की चोरी बताते हुए उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी सिटी ने बताया कि तीन टीमों को राजफाश के लिए लगाया गया था। सीसीटीवी की जांच के बाद एक ई-रिक्शा दिखाई दिया। उसके चालक अकबर अब्बासी निवासी फतेहउल्लापुर लिसाड़ी गेट को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उनके गिरोह ने ही वारदात को अंजाम दिया है। गिरोह में इरशाद उर्फ इकबाल, इकराम और इस्लामुद्दीन निवासी मदीना वाली गली मानकमऊ थाना कुतुबशेर सहारनपुर तथा कुलदीप निवासी गलीरा चौक हरिलोक कालोनी थाना सदर बाजार सहारनपुर हैं। इकराम और इस्लामुद्दीन हाल में शाहजहां कालोनी समर गार्डन थाना लिसाड़ी गेट में रह रहे हैं। पुलिस ने सोहराबगेट डिपो से इरशाद, कुलदीप और इकराम को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से काफी माल बरामद हुआ। इन आरोपितों ने बताया कि कुछ माल इरशाद की बहू सितारा पत्नी इस्लामुद्दीन के पास है। पुलिस ने दबिश दे उसे गिरफ्तार कर लिया।
25 लाख में हुआ था सौदा : आरोपितों ने बताया कि माल का सौदा सुभान ज्वैलर्स के मालिक दिलशाद अहमद और उसके बेटे तनवीर निवासी आली की चुंगी मैसूर पैलेस थाना मंडी सहारनपुर से 25 लाख में हुआ था। एसपी सिटी ने बताया कि गिरोह के अन्य शातिर फरार हैं।
दिन में रेकी, रात में वारदात : पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वारदात से पहले वे रेकी करते हैं। जो घर बंद रहते हैं उनके आसपास एक-दो दिन नजर रखी जाती है। इसके बाद रात में घटना को अंजाम दिया जाता है।
सहारनपुर भाग जाते थे : एसपी सिटी ने बताया कि गिरोह के शातिर काफी समय से घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। चोरी करने के बाद सभी लोग सहारनपुर भाग जाते थे। एक या दो शातिर ही यहां रहते थे। माल भी वहीं पर बेच देते थे। मुख्य आरोपित इस्लामुद्दीन फरार चल रहा है। इसके अलावा गिरोह के अन्य शातिरों के बारे में भी जानकारी मिल रही है।
40 फीसद माल बरामद : कारोबारी विपिन जैन ने बताया कि उनके यहां से हीरे, सोने और चांदी के जेवर चोरी हुए थे। करीब 40 फीसद माल ही बरामद हुआ है। पुलिस ने महिला आरोपित सितारा के घर से साढ़े चार लाख रुपये भी बरामद कर लिए हैं।