CAA Preotest : मेरठ में अब अमन और शांति, इंटरनेट सेवा भी हुई बहाल Meerut News
शहर अब अमन की राह पर है। कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को मेरठ और आसपास के क्षेत्र में जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। पुलिस-प्रशासन सुबह से ही हाई अलर्ट पर था।
मेरठ, जेएनएन। कड़ी सुरक्षा के बीच मेरठ और आसपास के क्षेत्र में जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। पुलिस-प्रशासन सुबह से ही हाई अलर्ट पर था, फ्लैगमार्च भी निकला। गत शुक्रवार को हुई हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में भारी पुलिस बल, आरएएफ और पीएसी तैनात रही। ड्रोन से भी निगरानी होती रही। धार्मिक स्थलों में आलिम, उलमा ने लोगों से सब्र और शांति से काम लेने की अपील की। सभी जगह शांति रहने पर पुलिस -प्रशासन ने राहत की सांस ली है। सभी कुछ सामान्य रहने पर देर शाम इंटरनेट सेवा भी बहाल कर दी गई।
कड़ी निगाहबानी
मेरठ शहर व देहात में कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज अदा हुई। एडीजी, कमिश्नर, आइजी, डीएम और एसएसपी सड़कों पर रहे, बाजार खुले रहे। पुलिस ने मस्जिदों से नमाज अदा कर जाने वालों की निगरानी रखी। बाहरी लोगों पर भी नजर रही। एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि मेरठ व आसपास के सभी शहरों में मानिंद लोगों ने शांति व्यवस्था कायम करने में अहम भूमिका निभाई है।
सड़कों पर दिनभर पसरा रहा सन्नाटा
शास्त्रीनगर का एल ब्लॉक चौराहा संवेदनशील इलाकों में शामिल है। शुक्रवार को इस चौराहे से गुजरने वाले वाहनों की संख्या काफी कम रही। सामान्य दिनों की अपेक्षा सड़कों पर सन्नाटा दिखा, चारों तरफ शांति भी रही। पिछले शुक्रवार को जिस डिवाइडर को तोड़कर उपद्रवियों ने पथराव किया था, उस सड़क पर इस शुक्रवार को लोग अमन का संदेश देते दिखे। एल ब्लॉक चौराहे पर कैपिटल पब्लिक स्कूल के पास पुलिस चौकी पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स भी मुस्तैद रही।
नहीं निकलने का कारण ठंड भी रहा
हालांकि चौराहे पर कई दुकानें बंद रहीं। कुछ लोग एहतियातन घर से नहीं निकले तो कुछ लोग ठंड की वजह से घरों में ही रहे। हांलाकि हिंसा को देखते हुए इस बार पुलिस प्रशासन ने बेहद सख्त इंतजाम किए थे। लखनऊ से भी लगातार निगरानी की जा रही थी। अफसर अपने मातहतो से भी लगातार जानकारी जुटा रहे थे। इनपुट और खुफिया सूचना मिलने की साथ ही लगातार रणनीति में बदलाव किया जा रहा था। इसी का परिणाम रहा कि शुक्रवार को तमाम आशंकाएं निर्मूल साबित हुईं।