मेरठ तहसील परिसर में रह रहे कर्मचारियों को आवास खाली करने का नोटिस
तहसील परिसर में रैपिड रेल का कार्य जोरों पर चल रहा है। तहसील परिसर का बड़ा भू भाग रैपिड के लिए होने वाले निर्माण में प्रयोग किया जाएगा।
मेरठ, जेएनएन। तहसील परिसर में रैपिड रेल का कार्य जोरों पर चल रहा है। तहसील परिसर का बड़ा भू भाग रैपिड के लिए होने वाले निर्माण में प्रयोग किया जाएगा। तहसील पर परिसर में बने आवासों में रह रहे कर्मचारियों को जल्द आवास खाली करने का नोटिस दिया गया है। वर्तमान में तहसील में बंदी गृह और कानून गो के तीन कार्यालयों तोड़ा जाना है। जिसके लिए नए बंदी गृह का निर्माण कार्य किया जा रहा है। वहीं नए कानून गो कार्यालय का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। जिलाधिकारी के बालाजी ने बताया कि रैपिड रेल का कार्य रफ्तार पकड़ सके इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई तेजी से की जा रही है। बताया कि तहसील में बने आवासों की भूमि रैपिड रेल के उपयोग में लाई जाएगी। इसके लिए सरकारी आवासों में निवास कर रहे कर्मचारियों को जल्द दूसरी जगह शिफ्ट होने के लिए कहा गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि गढ्ढा मार्केट के दुकानदारों को भी दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना पर कार्य चल रहा है। भैंसाली में इंटीग्रेटेड स्टेशन के निर्माण के लिए भी केंद्रीय कार्यशाला और आवासों की भूमि का प्रयोग किया जाएगा। इसके लिए अभी मुख्यालय में उच्च स्तर पर वार्ता चल रही है। इस बीच रैपिड रेल का निर्माण कर नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन ने कार्यशाला और आवासीय परिसर में जो पेड़ काटे जाने हैं उन पर निशान लगाने का कार्य पूरा कर लिया है। लगभग 20 से 25 पेड़ काटे जाएंगे। तहसील के अधिकारियों के अनुसार जब नए बंदी गृह और कानून गो कार्यालय का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। उसके बाद पुराने भवनों को तोड़ कर रैपिड रेल का कार्य आरंभ होगा।