अब व्यापारियों की नई मांग : शाम को सात नहीं, रात नौ बजे तक खोले जाएं बाजार Meerut News
पांच दिन दोनों पटरी की दुकानें खुलने से व्यापारियों को कारोबार संभलने की आस जगी है पर रात की समय सीमा का एक पेच अब भी फंसा हुआ है। अब यहां के व्यापारियों ने नई मांग रख दी है।
मेरठ, जेएनएन। पांच दिन दोनों पटरी की दुकानें खुलने से व्यापारियों को कारोबार संभलने की आस जगी है पर रात की समय सीमा का एक पेच अब भी फंसा हुआ है। बकरीद और रक्षाबंधन पर्व के चलते बाजारों की रौनक लौटने की उम्मीद है। लेकिन, रात सात बजे बाजार बंद करने का जो आदेश प्रशासन ने दिया है, व्यापारी उसमें थोड़ी राहत चाहते हैं। इसके पीछे उनके कुछ वाजिब तर्क भी हैं।
व्यापारियों का कहना है कि शनिवार और रविवार छुट्टी का दिन होता है और अधिकतर लोग मार्केटिंग के लिए इसे ही मुफीद समय मानते हैं। अब जब साप्ताहिक दो दिनी शनिवार और रविवार को ही है, लिहाजा जरूरत के सामान खरीदने का समय पांच दिन ही मिलेगा। आबूलेन व्यापार संघ के सरदार राजबीर सिंह का कहना है कि घर का मुखिया दफ्तर, काम से शाम को ही लौटता है। वैसे भी दिन में गर्मी काफी रहती है। ऐसे में वह परिवार को लेकर बाजार शाम को ही निकलेगा।
अब जब शाम सात बजे की बंदी है, ऐसे में उसे समय ही नहीं मिल पा रहा है। अगर यह समय दो घंटे बढ़ा दिया जाए, यानी नौ बजे तक का समय बढ़ा दिया जाए और शासन के मुताबिक रात नौ बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति दे दी जाए तो काफी राहत हो जाएगी। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन का तर्क है कि रात सात बजे की बंदी शासन स्तर से की गई है। स्थानीय प्रशासन को यहां की जरूरत से शासन को अवगत कराना चाहिए, निश्चित तौर पर यह समस्या भी दूर हो जाएगी।