अस्पताल में नहीं सुरक्षा के इंतजाम, कोई भी घुसकर कर दे वारदात
महिला के साथ हुए दुष्कर्म के बाद शहर के प्रतिष्ठित अस्पताल लोकप्रिय के सुरक्षा इंतजामों की पोल खुल गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि यहां पर महिला मरीजों के लिए कोई सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। हालात यह हैं कि बाहर से कोई भी एंट्री कर जाता है। कोई रोकने-टोकने वाला नहीं है। हालांकि बाहर सुरक्षा गार्ड तो बैठे रहते हैं, लेकिन केवल खानापूर्ति के लिए। सुरक्षा के इंतजामों को लेकर एसपी सिटी ने अस्पताल प्रबंधन को आड़े हाथ लिया है।
मेरठ । महिला के साथ हुए दुष्कर्म के बाद शहर के प्रतिष्ठित अस्पताल लोकप्रिय के सुरक्षा इंतजामों की पोल खुल गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि यहां पर महिला मरीजों के लिए कोई सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। हालात यह हैं कि बाहर से कोई भी एंट्री कर जाता है। कोई रोकने-टोकने वाला नहीं है। हालांकि बाहर सुरक्षा गार्ड तो बैठे रहते हैं, लेकिन केवल खानापूर्ति के लिए। सुरक्षा के इंतजामों को लेकर एसपी सिटी ने अस्पताल प्रबंधन को आड़े हाथ लिया है।
महिला का भांजा भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहता है। उसने बताया कि वह कई दिनों से अस्पताल में मौसी की देखभाल के लिए रुका हुआ है। अस्पताल में रात के समय लोग आते-जाते रहते हैं। बाहर सुरक्षा गार्ड बैठे रहते हैं, लेकिन वह किसी को रोकते-टोकते नहीं हैं। ऐसे में कोई भी घुसकर वारदात कर सकता है। रात के समय यहां एक-दो महिला कर्मचारी रहती हैं, लेकिन वह महिला मरीजों की कोई देखभाल नहीं करती। केवल रिसेप्शन पर बैठी रहती हैं। जब उनकी मौसी कमरे में अकेली रह गई थी तो उनको किसी दूसरे कमरे में ट्रांसफर करना चाहिए था, जहां पर अन्य मरीज थे। लेकिन, ऐसा नहीं किया गया है। पीड़ित महिला का आरोप है कि जब नर्स महिला मरीजों के लिए रखी हुई हैं तो रिजवान नाम के युवक को ड्रिप व इंजेक्शन लगाने के लिए क्यों भेजा गया।
महिला मरीजों की देखभाल में पुरुष कर्मचारी
महिला का आरोप है कि लोकप्रिय अस्पताल में महिला मरीजों के लिए दिखावे को नर्स रखी हुई हैं। रात के समय देखभाल के लिए पुरुषों को भेजा जाता है। महिलाएं विरोध करती हैं तो कहा जाता है कि नर्स नहीं हैं। वह अपने घर जा चुकी हैं, जबकि वह रिसेप्शन पर बैठी रहती हैं।
इन्होंने कहा--
लोकप्रिय अस्पताल में सुरक्षा को लेकर भी जांच की जा रही है। महिला मरीजों के लिए सुरक्षा के इंतजाम ठीक नहीं हैं। इसलिए प्रबंधन को नोटिस भेजकर बयान लिए जाएंगे।
रणविजय सिंह, एसपी सिटी
रात हो या फिर दिन। हमारे अस्पताल में महिला मरीजों की देखभाल के लिए महिला नर्स ही हैं। रिजवान महिला के कमरे में कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है। सुरक्षा के इंतजामों में कोई कमी नहीं है।
हेमंत शर्मा, लोकप्रिय अस्पताल के मैनेजर