मेरठ में नवदंपती को आनर किलिंग का भय, SSP से मिलकर मांगी सुरक्षा
एक नवदंपती ने आनर किलिंग की आशंका जताते हुए एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। दोनों ने एक माह पूर्व कोर्ट मैरिज कर ली थी। लड़की पक्ष ने युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा रखी है। एसपी क्राइम ने संबंधित थाने को निर्देशित किया है।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ में एक नवदंपती ने आनर किलिंग की आशंका जताते हुए एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। दोनों ने एक माह पूर्व कोर्ट मैरिज कर ली थी। लड़की पक्ष ने युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा रखी है। दोनों ने बताया कि उन्हें लगातार धमकी मिल रही हैं।
शुक्रवार को एक नवदंपती एसएसपी कार्यालय पहुंचा। उन्होंने बताया कि वह दौराला क्षेत्र में रहते हैं। करीब तीन साल से उनका प्रेम प्रसंग चल रहा था। स्वजन को इसका पता चला तो उन्होंने युवती को घर में कैद कर लिया था। करीब एक माह पूर्व किसी तरह वह घर से निकली तो उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली। दोनों बालिग हैं और उन्होंने पूरे कागजात कोर्ट में पेश किए थे।
इसके बाद लड़की पक्ष ने युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। डर के चलते युवक ने नौकरी भी छोड़ दी है। शिकायत सुन रहे एसपी क्राइम ने नवदंपती को आश्वासन देते हुए थाना पुलिस को सुरक्षा का निर्देश दिया।