स्टील की चादर के बीच छिपाकर ओडिशा से आगरा के रास्ते मेरठ ला रहे थे तीस बोरे गांजा Meerut News
नौचंदी पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। ट्रक में गांजा भरकर वेस्ट यूपी को सप्लाई दी जा रही थी।
मेरठ, जेएनएन। नौचंदी पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप पकड़ी हैं, जो ओडिशा से आगरा के रास्ते ट्रक में मेरठ लाई जा रही थी। सप्लाई करने वाले तीन आरोपितों को भी दबोच लिया है, जबकि सरगना की तलाश की जा रही है। गांजा ट्रक में स्टील की चद्दरों के बीच में छिपाया गया था। पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि तीन लाख के भाड़े में यह लोग सप्लाई लेकर जा रहे थे।
स्टील की चादर में छिपा रखा था गांजा
नौचंदी पुलिस को अंतर्राज्यीय गांजा की तस्करी होने की खबर मिली थी। तभी प्रभारी निरीक्षक तपेश्वर सागर ने अपनी टीम लगाकर मंगलवार की देर रात हापुड़ रोड पर ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक के अंदर स्टील की चादर के बीच में गांजा से भरे कई बोरे रखे मिले। पुलिस ने ड्राइवर और क्लीनर समेत तीन लोगों को दबोच लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि ओडिशा से गांजा के बोरे लोड किए गए थे, जिसे मेरठ पहुंचने के लिए तीन लाख की रकम तय हुई थी। पुलिस के मुताबिक, करीब एक हजार किलोग्राम गांजा 30 से ज्यादा बोरे में बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, उसकी कीमत करीब एक करोड़ है। बताया गया कि तस्कर का नेटवर्क कई जनपदों में फैला है। तस्कर प्लेन से आता-जाता है। गुणवत्तापरक माल की लोडिंग कराने खुद प्लेन से जाता है। भाड़ा लेकर रूट पर जाने वाले ट्रक चालकों से संपर्क करता है। उन्हीं ट्रकों में माल लोड कराता है। तस्कर की जांच शुरू की गई है।
एक माह पहले मिले थे इनपुट
नौचंदी पुलिस को गांजा तस्करी के एक माह पहले इनपुट मिले थे। टीम ने ओडिशा, एमपी, बिहार, झारखंड से तस्करों की सप्लाई होने के बारे में बताया था, जिसे संज्ञान में लेकर पुलिस वर्क कर रही थी। भौगोलिक जानकारी के लिए टीम को लगाया गया था। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि गांजा की तस्करी मेरठ से बाइकों पर सवार होकर सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर, देहरादून में हो रही थी।