सरकार की गाइडलाइन का होगा पालन, शहर काजी की अपील-घरों में ही अदा करेंं नमाज Meerut News
बकरीद की नमाज शनिवार की सुबह 6.30 से आरंभ होगी। शहर काजी जैनुस साजिदीन ने बताया कि नमाज सुबह 11.30 बजे तक पढ़ी जाएगी। शाही ईदगाह में भी पांच लोग नमाज पढ़ेंगे।
मेरठ, जेएनएन। बकरीद की नमाज शनिवार की सुबह 6.30 से आरंभ होगी। शहर काजी जैनुस साजिदीन ने बताया कि नमाज सुबह 11.30 बजे तक पढ़ी जाएगी। शाही ईदगाह में भी पांच लोग नमाज पढ़ेंगे। नमाज के बाद खुत्ब को सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को भेजा जाएगा। दिल्ली रोड स्थित ईदगाह में नमाज नहीं अदा होगी। मस्जिदों में पांच लोग नमाज पढ़ सकते हैं।
कुर्बानी सुबह से शाम
उन्होंने घरों में ही नमाज पढऩे की अपील की। बकरीद का पर्व हममें कुर्बानी का जज्बा पैदा करता है। शनिवार को कुर्बानी सुबह से शाम तक हो सकती है। कुर्बानी का गोश्त ले जाने पर कोई पाबंदी नहीं रहेगी। गोश्त को ढ़क कर ले जाएं। नायब शहर काजी जैनुर राशिदीन ने कहा कि महंगे जानवर न खरीदकर, बची धनराशि से गरीबों को राशन की किट वितरित करें। बकरीद के दिन सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करें। अपील करने वालों में इमरान, अयूब अंसारी, मौलाना शाहनवाज, हाजी शीराज रहमान आदि शामिल रहे। कारी शफीकुर्रहमान ने कहा कि बाले मियां की ईदगाह, लिसाड़ी ईदगाह, शाही ईदगाह में नमाज नहीं होगी। बकरीद की नमाज घरों में अदा करें।
रात में खुला बाजार पुलिस ने बंद कराया
ईद से एक दिन पहले शुक्रवार को दिन में बाजार गुलजार रहा, वहीं रात में भी दुकानें खुली रहीं। लिसाड़ी रोड पर रात करीब दस बजे तक दुकानें खुली थीं। इसकी सूचना पर ब्रह्मपुरी पुलिस पहुंची और दुकानें बंद कराने लगी। इस पर व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। पुलिस और दुकानदारों में नोकझोंक हो गई। बाद में पुलिस ने लाठी फटकार कर स्थिति को नियंत्रित किया। शुक्रवार रात करीब दस बजे लिसाड़ी रोड पर बाजार खुला हुआ था। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ मौजूद थी। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। फोर्स पहुंचा और दुकानों को बंद कराने लगा। व्यापारियों ने कहा कि कल ईद है। कुछ देर में दुकानों को बंद कर देंगे। इस पर पुलिस ने नियमानुसार दुकान बंद करने के लिए कहा तो हंगामा हो गया। दुकानदार सड़कों पर आ गए और हंगामा करने लगे। पुलिस ने लाठी फटकार कर स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ने बताय कि कुछ दुकानें खुली थी, जिनको पुलिस ने बंद करा दिया था। हंगामे जैसे कोई बात नहीं थी।
बकरा पैंठ भी देर रात चल रही गुलजार
हापुड़ रोड पर पुराने कमेले के सामने कई दिन से चल रही अवैध पैंठ शुक्रवार देर रात को भी गुलजार रही। ईद से एक रात पहले तक पैंठ में बड़ी संख्या में लोग उमड़े। इस दौरान शारीरिक दूरी का भी कहीं पालन नहीं हो रहा था। इसकी जानकारी होने पर भी पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही थी। लोगों का आना-जाना जारी था। ट्रकों के साथ ही अन्य वाहनों से भी पशु पैंठ में लाए गए थे। इस दौरान दस हजार रुपये लेकर 9्0 हजार रुपये तक में बकरे बिके। सबसे अधिक 92 हजार रुपये का बकरा बिका। हालांकि दैनिक जागरण के खबर प्रकाशित करने के बाद पैंठ में अवैध वसूली पर अंकुश लग गया। इससे पहले पैंठ में बकरे विक्रेता और खरीदारों से गुंडा टैक्स भी वसूला जा रहा था।
पुलिस के रंग में रंगा ठेके का बोर्ड
हापुड़ अड्डे चौराहे पर बीयर की दुकान है। दुकान मालिक ने नीले और लाल रंग में बोर्ड लगा रखा है। शुक्रवार रात में कोतवाली सीओ दिनेश शुक्ला की बोर्ड पर नजर पड़ गई। उन्होंने सेल्समैन को बुलाया और बोर्ड हटाने के लिए कहा। इस दौरान मौके पर मौजूद दारोगा प्रमोद कुमार ने बताया कि दुकान मालिक से दो दिन पूर्व भी बोर्ड बदलने के लिए कहा था। इस पर सीओ ने शनिवार को बोर्ड बदल जाने की हिदायत दी।