Murder of BJP leader: सीएम योगी गंभीर, 24 घंटे में हो दोषियों पर कार्रवाई, बागपत पहुंचे बालियान, एसओ सस्पेंड
बागपत में मंगलवार की सुबह भाजपा नेता संजय खोखर की हत्या से हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री ने दोषियों के विरूद्ध 24 घंटे में विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।
बागपत, जेएनएन। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। भाजपाइयों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यालय के ट्वीट एकाउंट से ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने पूर्व जिलाध्यक्ष के शोक संतृप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण में जांच कर दोषियों के विरूद्ध 24 घंटे में विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। साथ ही मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण की जवाबदेही भी तय करने के निर्देश दिए है। वहीं दूसरी डीजीपी ने हत्याकांड में कार्रवाई करते हुए छपरौली के प्रभारी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ने कहां कि बागपत में पुलिस व्यवस्था चौपट है। इससे उन्होंने डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को फोन से अवगत करा दिया है।
जानकारी पार्टी हाइकमान को
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ने भी घटना की जानकारी पार्टी हाइकमान को दी है। साथ ही जिले के पुलिस अधिकारियों से घटना का जल्द राजफाश करने को कहा है। उधर, रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने अपने ट्वीटर एकांउट पर घटना की जानकारी देते हुए ट्वीट किया है कि पूरे प्रदेश में भय का माहौल है और संगीन अपराधों में लिप्त लोग सत्ता के साथ जुड़ अपने अवैध काम कर रहे है। बागपत में पिछले सालों में स्थिति बेकाबू हो चली है। भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ने कहां कि बागपत में पुलिस व्यवस्था चौपट है। इससे उन्होंने डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को फोन से अवगत करा दिया है।
केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान पहुंचे
पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या की जानकारी केन्द्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान को भी दी गई है। इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और शोक व्यक्त किया। नगर पंचायत छपरौली चेयरमैन संजीव खोखर ने बताया कि संजय खोखर के हत्यारोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है। वहीं पोस्टमार्टम हाउस पर भाजपाईयों का जमावड़ा लग गया है।
आइजी घटनास्थल पर पहुंचे
पूर्व जिलाध्यक्ष की हत्या के बाद आइजी मेरठ प्रवीण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को घटना का जल्द राजफाश करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व एसपी अजय कुमार सिंह व एएसपी अनित कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था।