कक्षा नौ की छात्रा से दुष्कर्म के बाद चुप बैठे थे स्वजन, पीड़िता ने न्याय पाने को खुद लिया यह फैसला
बुलंदशहर के एक गांव निवासी ग्रामीण ने बताया कि उसकी पुत्री गत 24 दिसंबर की सुबह गांव से साइकिल पर सवार होकर स्याना में अपने स्कूल जा रही थी। उसी दौरान कार में सवार गांव के ही दो युवकों ने उसकी साइकिल को रोक दोनों टायरों की हवा निकाल दी।
बुलंदशहर, जागरण संवाददता। स्याना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छात्रा से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। लोक-लाज के चलते स्वजन चुप बैठ गए थे, लेकिन पीड़िता ने न्याय पाने और आरोपितों को सजा दिलाने के लिए हेल्पलाइन पर फोन कर पुलिस को घर बुला लिया।
यह है मामला
ग्रामीण ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 13 वर्षीय पुत्री स्याना स्थित एक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ती है। बताया कि बीते 24 दिसंबर की सुबह पीडि़त की बेटी गांव से साइकिल पर सवार होकर गांव से स्याना अपने स्कूल जा रही थी। उसी दौरान कार में सवार गांव के ही दो युवकों ने पीडि़त की बेटी की साइकिल को रोक कर दोनों टायरों की हवा निकाल दी। जिसके बाद आरोपित जबरन उसकी बेटी को कार में डालकर अपने साथ ले गए। जिसके बाद एक युवक ने किसी स्थान पर उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद शाम को दोनों युवकों ने छात्रा को अपने घर पर बात बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए साइकिल देकर छोड़ दिया। घर पहुंचकर बेटी ने स्वजन को घटना के बारे में जानकारी दी। लेकिन पीड़ित लोक-लाज के डर से घर पर चुप बैठ गया। तहरीर के अनुसार पीड़ित की बेटी नहीं मानी और उसने पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर पुलिस को घर बुला लिया। आरोप है कि आरोपितों को पुलिस आने की जानकारी मिलते ही कार्रवाई करने पर पीडि़त व उसके स्वजन को जान से मारे की धमकी देने लगे। कोतवाल छोटे सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।
खेत पर गई किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास
बुलंदशहर, जागरण संवाददता। खेत पर गई किशोरी के साथ युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपित मौके से फरार हो गया। किशोरी के पिता ने पुलिस से शिकायत की है। खुर्जा क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी मंगलवार सुबह को खेत पर गई थी। इसी दौरान गांव निवासी युवक वहां पहुंच गया। आरोप है कि युवक ने किशोरी को अकेला देखकर पकड़ लिया। जिसके बाद आरोपित ने किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपित मौके से फरार हो गया। किशोरी ने घर पहुंचकर स्वजन को जानकारी दी। साथ ही थाने पहुंचकर किशोरी के पिता ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने उन्हें जांच के बाद कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।