मेरठ में आठ साल के बच्ची से दुष्कर्म : पीडि़ता का दर्ज हुआ बयान, आरोपित को भेजा गया जेल Meerut News
बच्ची से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बच्ची के बयान दर्ज किए। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया। स्वजन बच्ची को गुरुवार रात ही अस्पताल से घर ले गए थे। दिनभर बच्ची डरी-सहमी रही।
मेरठ, जेएनएन। बच्ची से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बच्ची के बयान दर्ज किए। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया। स्वजन बच्ची को गुरुवार रात ही अस्पताल से घर ले गए थे। दिनभर बच्ची डरी-सहमी रही। वहीं, आरोपित पक्ष के लोगों ने महिला गवाह को घर में घुसकर धमकी दी है। इस संबंध में महिला ने थाने में तहरीर दी है।
लिसाड़ी गेट क्षेत्र में गुरुवार रात 16 वर्षीय किशोर ने आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म किया था। पड़ोसी महिला के पहुंचने पर आरोपित धमकी देते हुए भाग निकला। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात में ही पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। स्वजन रात में बच्ची को घर ले गए। शुक्रवार को पुलिस ने बच्ची के बयान दर्ज किए। बच्ची बहुत डरी हुई हुई है और स्वजन के अलावा अन्य से बहुत कम बात कर रही है। पुलिस ने आरोपित किशोर को जेल भेज दिया है। बच्ची के स्वजन ने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महिला गवाह के पति को पीटा
गुरुवार रात करीब तीन बजे आरोपित पक्ष के पांच-छह लोग महिला गवाह के घर पहुंचे और गवाही न देने का दबाव बनाया। मना करने पर उसके पति की पिटाई कर दी। दोनों को जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपित भाग गए। सुबह पीडि़त महिला व स्वजन थाने पहुंचे और तहरीर दी। थाना प्रभारी प्रशांत कपिल का कहना है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है कि गवाह को धमकी देने का मामला गंभीर है। इसकी जांच कराई जाएगी और गवाह को सुरक्षा दी जाएगी।