मेरठ में स्टीव वॉ बोले-भारत की तस्वीर बदल रहे मोदी, आस्ट्रेलिया में भी हैं लोकप्रिय Meerut News
आस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान स्टीव वॉ भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशंसक हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा परिवर्तन ला रहे हैं।
मेरठ, [संतोष शुक्ल]। आस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान स्टीव वॉ भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशंसक हैं। नई दिल्ली से मेरठ पहुंचने के बीच वॉ ने दो जगह चाय पी। एक्सप्रेस वे और रैपिड रेल परियोजना की जानकारी ली। मेरठ में पहुंचकर उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा परिवर्तन ला रहे हैं। रास्ते में भले ही दिक्कतें हुईं, किंतु ये योजनाएं मेरठ की लाइफलाइन बन जाएंगी। कहा कि मोदी आस्ट्रेलिया में भी लोकप्रिय हैं।
एक्सप्रेस वे की जानकारी पर हुए उत्साहित
आस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज स्टीव वॉ भारत में क्रिकेट के जुनून पर किताब लिख रहे हैं। इसी कड़ी में वो शुक्रवार को नई दिल्ली से छह लोगों के साथ मेरठ पहुंचे थे। वॉ ने स्टेनफोर्ड कंपनी के मालिक अनिल सरीन के साथ चाय पीते हुए दिल्ली से मेरठ तक की यात्रा का अनुभव साझा किया।
आगरा निकल गए..
स्टीव ने नरेंद्र मोदी के कार्यो की तारीफ की। कहा कि वो आस्ट्रेलिया में भी काफी लोकप्रिय हैं। खासकर, इंफ्रास्ट्रक्चर पर मोदी ने ज्यादा जोर दिया है। वॉ ने पिछले एक सप्ताह के दौरान की यात्रा के अनुभवों पर कहा कि भारत तेजी से विकास की राह पर चल रहा है। मुंबई को काफी बदला हुआ बताया। वॉ ने मेरठ से आगरा का रास्ता पूछा। इस पर अनिल ने उन्हें आगरा एक्सप्रेस-वे तेजी से पहुंचने की बात बताई, जिस पर वॉ ने एक बार फिर सरकार को सराहा।
सचिन ने भी कहा था..पसंद आएगा मेरठ
तेंदुलकर भले ही कभी मेरठ नहीं आए, लेकिन उन्होंने मुंबई में वॉ को मेरठ के बारे में काफी कुछ बताया था। दोनों महान क्रिकेटर एक प्रथम श्रेणी खिलाड़ी के सौवें जन्मदिन पर उसके घर पहुंचे थे। वॉ सौ किलो का केक, जबकि सचिन सौ फूल लेकर पहुंचे थे। स्टीव वॉ ने यहां पर सचिन से अपनी मेरठ यात्रा के बारे में पूछा। बतौर स्टीव, सचिन ने मेरठ की क्रिकेट इंडस्ट्री को लेकर यात्रा को रोचक रहने का भरोसा दिया था।
स्टीव वॉ का करियर
स्टीव वॉ ने 168 टेस्ट मैचों में 32 शतक और 50 अर्धशतकों की मदद से 10,927 रन जबकि 325 एकदिनी में तीन शतक व 45 अर्धशतकों की मदद से 7569 रन बनाए हैं। उनकी कप्तानी में आस्ट्रेलिया ने 1999 में इंग्लैंड में वर्ल्ड कप भी जीता था।