फायरिंग के बीच संदिग्ध परिस्थिति में गायब किशोरी मुजफ्फरनगर में मिली, बढ़ गया था तनाव Saharanpur News
गुरुवार देर रात्रि दो गांव के बीच हुई फायरिंग के दौरान घर से किशोरी गायब हुई थी। परिजनों के मुताबिक डिप्रेशन के चलते अपनी बड़ी बहन के यहां युवती चली गई थी।
सहारनपुर, जेएनएन। फायरिंग के दौरान गांव डेहरा से गायब हुई किशोरी को परिजनों ने मुजफ्फरनगर के गांव तिवाई से बरामद कर लिया।
गुरुवार देर रात डेहरा गांव में हुई फायरिंग के दौरान गांव के ही कश्यप समाज की किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हो गई थी। इससे स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया था। एसपी देहात अशोक कुमार मीणा ने स्वयं गांव पहुंच किशोरी के परिजनों व अन्य ग्रामीणों से वार्ता की और हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया था। शुक्रवार को परिजनों को सूचना मिली कि किशोरी मुजफ्फरनगर के थाना चरथावल क्षेत्र के गांव तिवाई पहुंच गई है और अपनी बहन के पास सुरक्षित है। परिजन किशोरी को लाने चले गए। पुलिस का कहना है कि किशोरी के गांव लौटने पर उससे पूछताछ की जाएगी। शुरुआती जांच में सामने आया कि किशोरी मानसिक रूप से परेशान चल रही थी, जिसके चलते आज घर छोड़कर अपनी बहन के यहां चली गई। सीओ रजनीश उपाध्याय ने बताया पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि गुरुवार की देर रात्रि डेहरा गांव में असामाजिक तत्वों द्वारा की गई फायरिंग के बाद दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई थी। इसी बीच गांव की एक किशोरी के गायब होने से हड़कंप मच गया था।
एसपी देहात ने ग्रामीणों से ली जानकारी
गुरुवार की देर रात्रि डेहरा गांव में एसपी देहात अशोक कुमार मीणा ने मौका मुआयना किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीते कुछ दिनों से गांव के आसपास कुछ संदिग्ध लोग घूम रहे हैं। इसके चलते लोगों में दहशत का माहौल है। इसके बाद एसपी देहात में स्थानीय अधिकारियों को गांव में फोर्स तैनात करने के दिशा निर्देश जारी किए।
भड़काऊ पोस्ट से माहौल बिगाडऩे का प्रयास
देवबंद क्षेत्र के युवाओं द्वारा सोशल मीडिया पर की जा रही भड़काऊ पोस्ट के चलते भी क्षेत्र का माहौल गरमा रहा है। हालांकि पूरे मामले में खुफिया विभाग नजर बनाए हुए हैं। सीओ रजनीश उपाध्याय ने बताया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।