मुजफ्फरनगर में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा वापस न लेने पर विवाहिता का अपहरण कर किया दुष्कर्म
मुजफ्फरनगर में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा वापस लेने पर ससुराल वालों ने विवाहिता का अपहरण कर दुष्कर्म किया। पति ने चाकू से जानलेवा हमला किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पीड़िता के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई कर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। दहेज उत्पीड़न का मुकदमा वापस लेने पर ससुराल वालों ने विवाहिता का अपहरण कर दुष्कर्म किया। पति ने चाकू से जानलेवा हमला किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पीड़िता के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई कर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
यह है मामला
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला का विवाह खालापार मोहल्ला निवासी युवक के साथ हुआ था। महिला ने कुछ दिन पूर्व पति वह अन्य ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा वापस कराने के लिए ससुराल वाले विवाहिता पर दबाव बना रहे थे। आरोप है कि तीन अक्टूबर को जब महिला अपने भाई के साथ खरीदारी करने के लिए बाजार जा रही थी तो सरवट फाटक के पास उसके पति व तीन अन्य लोगों ने मारपीट करते हुए उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि एक खेत में ले जाकर विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया गया तथा पति ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। विवाहिता के भाई ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रविकांत यादव ने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस को आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।