राज्यमंत्री ने कहा.. यहां आने वाले आप पहले सीएम
राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने योगी आदित्यनाथ के हस्तिनापुर आगमन पर आभार जताते हुए उन्हें यहां के इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने सीएम योगी से कहा कि महाराज जी आप यहां आने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं।
मेरठ, जेएनएन। राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने योगी आदित्यनाथ के हस्तिनापुर आगमन पर आभार जताते हुए उन्हें यहां के इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने सीएम योगी से कहा कि 'महाराज जी आप यहां आने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं'। दिनेश ने पिछले पांच वर्षो में हस्तिनापुर में कराए गए विकास कार्य के लिए सीएम का धन्यवाद दिया। उन्होंने गंगा नदी पुल एवं महाविद्यालय निर्माण, गंगा के कटान से बचाने के लिए निरोधक, सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण समेत कई अन्य काम गिनाए। मंच पर जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, नितिन पोसवाल, विपेंद्र सुधा वाल्मीकि आदि रहे। संचालन संदीप प्रधान ने किया।
ऋषिनगर में मतदान बहिष्कार के लगाए पोस्टर
मेरठ : बागपत रोड स्थित ऋषिनगर कालोनी के निवासी टूटी सड़क समेत अन्य समस्याओं से परेशान हैं। निवासियों ने एमडीए व नगर निगम की अलोचना करते हुए कालोनी में मतदान बहिष्कार के पोस्टर लगाए हैं। इसमें कालोनी के अंदर के कई रास्ते वर्षो से जर्जर हाल में होने और कूड़ा उठान समेत अन्य समस्याएं उठाई हैं। कालोनी में करीब 250 मकान हैं।
कालोनी के अंदर के रास्तों पर ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं। इसमें सीधे तौर पर लोगों से मतदान न करने की अपील की गई है। पोस्टर के जरिए लोगों ने जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल भी उठाए हैं। ऋषिनगर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि कई बार इन समस्याओं को लेकर जिम्मेदारों के पास गए, लेकिन समाधान नहीं हुआ। ऐसे में मजबूरन यह कदम उठाना पड़ रहा है।
भाजपा प्रत्याशी पर हमले के मामले में कई मुचलका पाबंद : सरधना पुलिस ने बीते दिनों भाजपा प्रत्याशी के काफिले पर हुए पथराव के मामले में कई लोगों को मुचलका पाबंद किया है। शुक्रवार को पुलिस गांव में पहुंची और इन लोगों को नोटिस तामील कराए।
इंस्पेक्टर क्राइम शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि बीते दिनों भाजपा प्रत्याशी के काफिले पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया था। इस मामले में करीब 120 लोग मुचलका पाबंद हुए हैं। शुक्रवार को पुलिस गांव में पहुंची और लोगों से नोटिस तामील कराए। बता दें कि तहरीर नहीं आने के बाद पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेकर 20 लोगों को नामजद कर 65 अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता व कोविड की गाइडलाइन के उल्लंघन में मामला दर्ज किया था। वहीं, सूत्रों के अनुसार इनमें वे भी शामिल हैं जो चुनाव का माहौल खराब कर सकते हैं।