मेरठ में जलवायु संकट के प्रति छात्रों को सजग करने को होगी अनोखी प्रतियोगिता, शुल्क के रूप में जमा कराना होगा 'इकोब्रिक'
प्रकृति को बचाने की एक मुहिम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तहत पर्यावरण संरक्षण गतिविधि चलाई जा रही है। जिसका मूल उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन है। इसके द्वारा आने वाली पीढ़ी को जलवायु संकट से मुक्ति दिलाने के प्रति अखिल भारतीय पर्यावरण प्रतियोगिता 2021 का आयोजन किया जा रहा है।
मेरठ, जेएनएन। जलवायु संकट वैश्विक समस्या बनकर सामने आया है अगर समय रहते इस पर काबू नहीं पाया गया तो आने वाले समय में संपूर्ण विश्व विनाशकारी दृश्य देखने को विवश होगा। अब वह समय आ चुका है कि इसकी रोकथाम का जिम्मा समस्त मानव जाति को मिल-जुलकर उठाने होंगे। इस भाव से प्रकृति को बचाने की एक मुहिम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तहत 'पर्यावरण संरक्षण गतिविधि' चलाई जा रही है। जिसका मूल उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन है। इसके द्वारा आने वाली पीढ़ी को जलवायु संकट से मुक्ति दिलाने के प्रति अखिल भारतीय पर्यावरण प्रतियोगिता 2021 का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें हिस्सा लेने के लिए छात्रों को शुल्क के रूप में एक इकोब्रिक (प्लास्टिक का उपयोग करते हुए बनाई गई ईंटनुमा एक वस्तु) जमा करना होगा।
विद्या भारती के मेरठ प्रांत के सह पर्यावरण प्रमुख शिवम गोयल ने बताया कि आरएसएस के अंतर्गत संचालित पर्यावरण संरक्षण गतिविधि द्वारा अखिल भारतीय पर्यावरण प्रतियोगिता 2021 का आयोजन किया जा रहा है। इसका मूल उद्देश्य भारत के भविष्य यानि छात्रों को पर्यावरण के प्रति सजग करना है। इस प्रतियोगिता में कक्षा 9 से लेकर 12 तक के छात्र प्रतिभाग कर सकते हैं।
परीक्षा के शुल्क के रूप में विद्यार्थी को एक इकोब्रिक अपने विद्यालय में जमा करना होगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए सबसे पहले स्कूल का पंजीकरण कराना होगा जोकि 28 फरवरी तक कराया जा सकता है। इसके बाद पंजीकृत विद्यालय के छात्र एक मार्च से प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के इच्छुक विद्यालय मोबाइल नंबर 9917596985 पर संपर्क कर सकते हैं।