Unlock-1: 85 दिन से बंद है बाजार, लाखों का हो चुका नुकसान, अब खोल दीजिए हमारा भी बाजार
Unlock-1 in meerut आरजी कॉलेज पश्चिमी कचहरी मार्ग व्यापार संघ ने जिला प्रशासन से अपना बाजार खोलने की गुहार लगाई।
मेरठ, जेएनएन। आरजी पीजी कॉलेज पश्चिमी कचहरी मार्ग व्यापार संघ ने भी जिला प्रशासन से अपना बाजार खोलने की मांग की है। सोमवार को अपनी मांग को लेकर व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने डीएम के नाम ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट सिविल लाइन चंद्रेश कुमार सिंह को दिया है।
यह है व्यापारियों की मांग
व्यापार संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले करीब 85 दिन से उनका बाजार बंद है। जिसमें करीब 60 दुकानें हैं। इनमें आधे से अधिक किताबों की दुकानें हैं। जबकि बाकी फोटो स्टेट व साइबर कैफे आदि हैं। पिछले करीब 85 दिन से बाजार बंद होने से सभी व्यापारी भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि शहर के अन्य बाजारों की तरह अब उनका बाजार भी तत्काल खोल दिया जाए।
कंटेनमेंट जोन से बाहर है बाजार
व्यापारियों का कहना है कि थाना सिविल लाइन हॉट स्पॉट एरिया व असौड़ा हाउस वेस्टर्न कचहरी रोड से उनकी दुकानें करीब 8 सौ मीटर दूर है, जोकि हॉटस्पॉट व कंटेंटमेंट जोन से बाहर आती है। शासन के आदेश अनुसार हॉट स्पॉट से 250 मीटर कंटेनमेंट जोन के बाहर बाजार खोलने की अनुमति दी जा सकती है। इस आधार पर उनकी दुकानें खोली जाएं।
छात्र-छात्राओं को हो रही फॉर्म भरने में परेशानी
उनका यह भी तर्क था की फोटो स्टेट व साइबर कैफे आदि की दुकानें बंद होने से कॉलेज छात्र छात्राओं को फार्म भरने में भी परेशानी आ रही है। विश्वविद्यालय ने एडमिशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुकानें बंद होने से उनके फॉर्म नहीं भरे जाएंगे।
यह रहे शामिल
ज्ञापन देने वालों में अनिल कुमार जैन, अमित गुप्ता, सौरभ गोयल, विकास गर्ग, अभिषेक गर्ग, अजय कुमार गर्ग, देवेंद्र सिंह चौहान, नीरज जैन, रजत जैन, अतुल गुप्ता आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।