Meerut Weather Update: मेरठ और आसपास सुबह घने कोहरे के बाद निकली धूप ने दी राहत
Meerut Weather वेस्ट यूपी में मंगलवार सुबह क्षेत्र कोहरे की चादर में लिपटा रहा। इसके लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा लेकिन बाद में आसमान पर निकली तेज धूप ने राहत दी। अब शाम तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Update मेरठ और आसपास के जिलों में मंगलवार को सुबह घने कोहरे के बाद निकली धूप ने खासी राहत प्रदान की। सुबह नौ बजे के बाद तेज धूप निकलने से लोगों ने सुकून महसूस किया। धूप के शाम तक ऐसे बने रहने की संभावना है। वहीं इस बीच 22 जनवरी को बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। वेस्ट यूपी में इनदिनों पड़ रहा घना कोहरा मुसीबत बन रहा है। कोहरे के कारण लगातार हादसे भी बढ़ रहे हैं। मंगलवार को न्यूनतम पारा 9 डिग्री और अधिकतम पारा 18 डिग्री तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो अगले एक से दो दिन तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब हरियाणा आदि स्थानों में इन दिनों भीषण ठंड पड़ रही है।
कोहरे और ठंड के प्रकोप के बाद सोमवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री रहा। रविवार की तुलना में तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी रही। दिन में धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। अधिकतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही।
हालांकि तापमान में यह बढ़ोतरी कुछ ही समय के लिए है। मौसम विभाग ने जारी चेतावनी में मेरठ के लिए आरेंज कोड जारी किया है। जो अलर्ट रहने का सूचक है। शीतलहर और कोहरे की संभावना है।
बताते चलें कि 17 जनवरी को सूरज के दर्शन नहीं हुए थे और 17 घंटे तक लगातार कोहरे का सामना जनपद वासियों ने किया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हवा की दिशा परिवर्तन से मौसम में आंशिक रूप से बदलाव आया है। मंगलवार को तापमान में फिर से खासी गिरावट की आशंका है। निजी मौसम एजेंसी स्काइमेट के अनुसार उत्तर पश्चिम सर्द हवा की रफ्तार 18 की रात से बढ़ेगी। यह सिलसिला 21 जनवरी तक जारी रहेगा। 19 जनवरी से बर्फीली हवा चलेगी।
दिल्ली-एनसीआर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, अलीगढ़ में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। उत्तर प्रदेश के बड़े भू-भाग पर कड़ाके की ठंड देखने को मिलेगी। हवा की दिशा कुछ इस तरह है कि दिल्ली के कई इलाके इससे अछूते भी रह सकते हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी कोड में दिल्ली में 21 के बाद पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे 22 और 24 जनवरी के बीच गरज चमक के साथ बारिश की आशंका जतायी जा रही है।