Weather Update News: तापमान में आई गिरावट, जानिए सितंबर में कैसा रहेगा मौसम का हाल
Weather Update News मौसम विभाग ने 30 और 31 को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रहेगा। एक और दो सितंबर को बारिश के दो तीन अंतराल देखने को मिलेंगे।
मेरठ, जेएनएन। कल रात की उमस से राहत तड़के हुए बारिश ने दी है। मेरठ और आसपास के जनपदों में बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। बारिश ज्यादा तो नहीं हुई लेकिन इतनी बारिश हुई कि फसलों और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन से चार दिनों तक ऐसे ही हल्की बारिश होने का अनुमान रहेगा, जो दिन व रात के समय कभी भी हो सकती है। लोगों को उमस से राहत मिलने के साथ ही ठड़क का भी अहसास होती रहेगी।
तापमान में गिरावट और हल्की बारिश का अनुमान
शुक्रवार से मौसम में हुए बदलाव के बाद से लोगों को बड़ी राहत मिली है। शनिवार को भी सुबह में झमाझम बारिश हुई। रविवार को बारिश नहीं हुई, लेकिन उमस भरी गर्मी से राहत रही, लेकिन रविवार रात के समय उमस भरी गर्मी के अहसास होने के बाद सोमवार की सुबह बारिश हुई। अगस्त के अंतिम दिनों में बारिश से तापमान में भी गिरावट आई है। अगले दो तीन दिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। बारिश बहुत तीव्र नहीं होगी। लेकिन किसानों की सिंचाई की जरूरत के लिए पर्याप्त होगी। अगस्त के दूसरे पखवाड़े में मानसून ब्रेक की स्थित बनी रही है। 27 अगस्त की रात 30 मिलीमीटर बारिश हुई है। उसके बाद से तापमान में गिरावट आई है।
सितंबर में भी होगी बारिश
बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय हवाओं के कारण निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। मौसम विभाग ने 30 और 31 को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रहेगा। एक और दो सितंबर को बारिश के दो तीन अंतराल देखने को मिलेंगे। लेकिन इसके बाद धूप छाने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालाकि मौसम विभाग के अनुसार इस बीच में तापमान में गिरावट होगी और उमस भरी गर्मी का अहसास न के बराबर होगा।
इन जिलों के मौसम में होगा बदलाव
मेरठ के साथ ही आसपास के जिलों में भी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार बागपत, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर व शामली के मौसम में भी बदलाव आएगा।